रुड़की: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्ता लेकर घर से निकले एक परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है. हुआ यूं कि रविवार की देर शाम तिथौला गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयंकर था कि कार की टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. हादसे में एक ही परिवार के दो युवकों और एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई.
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोग: जानकारी के मुताबिक, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद पुत्र रईस (उम्र 30 वर्ष) और दिलशाद पुत्र अय्यूब (उम्र 30 वर्ष) अपने परिवार के साथ लक्सर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में एक ही परिवार के 13 लोग सवार थे.
जैसे ही ई-रिक्शा मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तिथौला गांव के पास पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी के साथ चीख-पुकार मच गई. वहीं, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े.
दो युवक की मौत, बच्चे की भी मौत: लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला. उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया गया. जहां पर अस्पताल के डॉक्टरों ने अरशद और दिलशाद को मृत घोषित कर दिया. हालांकि, बताया ये भी जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय उमर ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया.
हादसे में 10 लोग घायल, 6 लोग हायर सेंटर रेफर: वहीं, एक साथ तीन मौतों की खबर मिलते ही परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. हादसे में खतीजा, रिहाना, अमरिया, इनायत, आयत और अरहम समेत 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं. वहीं, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है.
कार चालक फरार: अन्य घायलों का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है. पुलिस की मानें तो दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. फिलहाल,. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
“ई-रिक्शा में सवार परिवार अपनी बेटी का रिश्ता लेकर लक्सर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई है.“- महेश चंद, उपनिरीक्षक, कोतवाली मंगलौर
