चरखी दादरी: चरखी दादरी जिले की बाढ़ड़ा विधानसभा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास की डॉक्टर बेटी दीक्षा के विवाह पूर्व आयोजित प्रीतिभोज और लग्न समारोह में सियासी दिग्गजों और ग्रामीणों का महाकुंभ देखने को मिला. विधायक के पैतृक गांव पातुवास स्थित निवास पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से पहुंचे और नवदंपति को सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया.
दिग्गज नेताओं और मंत्रियों का लगा जमावड़ा: समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा भी पहुंचे. इसके अलावा दादरी विधायक सुनील सांगवान, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, कोसली विधायक अनिल यादव, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक रणधीर पनिहार सहित कई गणमान्य लोगों ने समारोह में शिरकत कर बेटी को आशीर्वाद दिया.
सब्जी से लेकर मिठाई तक देसी स्वाद: कार्यक्रम में पहुंचे सांसद धर्मबीर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हालांकि मुख्य विवाह समारोह 21 नवंबर को है, लेकिन उससे पहले विधायक उमेद पातुवास ने पूरे इलाके को एकत्रित कर बेहतरीन आयोजन किया है. उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले हर व्यक्ति ने सब्जी से लेकर मिठाई तक शुद्ध देसी व्यंजनों का आनंद लिया है, जिसके लिए पूरे इलाके की तरफ से विधायक का बहुत-बहुत धन्यवाद और बिटिया को ढेरों शुभकामनाएं.
108 गांवों की भागीदारी पर विधायक ने जताया आभार: मेहमानों के स्वागत से अभिभूत विधायक उमेद पातुवास ने मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्रियों और विधायकों के साथ-साथ बाढ़ड़ा और दादरी हलके की जनता का दिल से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बाढ़ड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 108 गांवों से बड़ी संख्या में लोग बेटी को आशीर्वाद देने पहुंचे हैं, ऐसा कोई गांव नहीं बचा जहां से लोग न आए हों. देसी पकवानों की व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि ‘अतिथि देवो भव’ हमारी पुरानी परंपरा है और घर आए हर मेहमान का पूरा मान-सम्मान करना हमारा कर्तव्य है.
