कानपुर एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा एवं शैक्षणिक केंद्र कानपुर का दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र से होगा सीधा रेल संपर्क
16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल ट्रैक से कानपुर को रेलवे क्रॉसिंग पर दशकों पुरानी यातायात जाम की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत : अश्विनी वैष्णव
प्रयागराज, 16 नवम्बर 2026: केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं सांसद श्री रमेश अवस्थी ने आज नई ‘कानपुर एक्सप्रेस’ की उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेलगाड़ी कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के मध्य दोनों दिशाओं में चलेगी।

इस अवसर पर कानपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय, अकबरपुर के सांसद श्री देवेंद्र सिंह भोले सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
यह नई दैनिक रेल सेवा उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के मध्य रेल संपर्क को और सुदृढ़ करेगी तथा कानपुर एवं दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।

नई रेल सेवा से प्रमुख औद्योगिक एवं वाणिज्यिक केंद्रों की बढ़ेगी कनेक्टिविटी
428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस रेलगाड़ी में 22 आधुनिक एलएचबी कोच होंगे। यह अपने मार्ग में पड़ने वाले कई महत्वपूर्ण नगरों एवं आर्थिक केंद्रों को रेल संपर्क प्रदान करेगी।
इस रेल सेवा से फफूंद के यात्रियों को लाभ मिलेगा, जो औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों तथा एनटीपीसी औरैया एवं गेल पाता जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, कृषि के प्रमुख केंद्र इटावा तथा कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद क्षेत्र को रेल संपर्क प्रदान करने वाले टूंडला के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

यह रेलगाड़ी हाथरस को भी जोड़ेगी, जो हींग प्रसंस्करण, पीतल के बर्तनों एवं कृषि आधारित उद्योगों के लिए प्रसिद्ध है। इसके साथ ही, ताला उद्योग के प्रमुख केंद्र एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए प्रसिद्ध अलीगढ़ तथा सिरेमिक एवं मिट्टी के बर्तनों के उद्योग के लिए विख्यात खुर्जा को भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

इसके अतिरिक्त, यह रेल सेवा महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक केंद्र दादरी तथा एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक गाजियाबाद को जोड़ते हुए दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल तक पहुंचेगी।
क्षेत्रीय विकास एवं यात्री सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
इस नई रेल सेवा से उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा एवं शैक्षणिक केंद्र कानपुर का दिल्ली स्थित आनंद विहार टर्मिनल से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। आनंद विहार टर्मिनल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से यात्रियों को जोड़ने वाला एक प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र है। इस रेल संपर्क से दोनों महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों के बीच आवागमन करने वाले व्यवसायियों, विद्यार्थियों, कामगारों एवं अन्य यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर श्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुरवासियों को नई रेल सेवा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के शुभारंभ पर कानपुर की जनता को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
आगामी प्रमुख रेल परियोजनाएं
कानपुर में आगामी रेल अवसंरचना परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि अनवरगंज और मंधना के मध्य 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल ट्रैक का निर्माण रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है तथा इसके लिए आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं। परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना के संबंध में रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन का नॉर्थ कॉरिडोर कानपुर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित होगा। इस परियोजना के प्रारंभ होने पर दिल्ली से कानपुर की यात्रा लगभग 1 घंटा 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी। वहीं, लखनऊ से कानपुर की यात्रा में लगभग 27 मिनट तथा कानपुर से प्रयागराज की यात्रा में लगभग 1 घंटा 15 मिनट का समय लगेगा।

उन्होंने कहा कि हाई-स्पीड रेल संपर्क से कानपुर का प्रमुख शहरों के साथ जुड़ाव और मजबूत होगा तथा क्षेत्रीय एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के संबंध में श्री वैष्णव ने कहा कि स्टेशन पर पुनर्विकास का कार्य तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि कानपुर में आने वाले समय में रेलवे अवसंरचना के विकास से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण पहल भी की जाएंगी।

इस अवसर पर सांसद श्री रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को पुनः स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा से शहरवासियों में अत्यंत हर्ष है। उन्होंने बताया कि अनवरगंज-मंधना रेलखंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की कानपुरवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को रेलवे द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसकी मांग वर्ष 2017-18 से की जा रही थी। श्री अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास तथा कानपुर के नाम पर नई रेलगाड़ी शुरू किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस नई रेल सेवा का शुभारंभ भारतीय रेल की यात्री संपर्क को निरंतर सुदृढ़ करने तथा यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक एवं विश्वसनीय रेल यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
