चंडीगढ़। हरियाणा में शुक्रवार को आरंभ होने वाली स्वास्थ्य विभाग की नौ परियोजनाओं के कार्यक्रमों को लेकर भाजपा सरकार ने बड़ा दांव खेला है। भाजपा सरकार ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा सांसदों व विधायकों की जो सूची तैयार की है, उसमें कांग्रेस के वह पांच बागी विधायक भी शामिल हैं, जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोपित मानते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
इन पांचों कांग्रेस विधायकों में से अधिकतर ने विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान भी न केवल भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ की थी, बल्कि कांग्रेस द्वारा विधानसभा परिसर में संचालित समानांतर सत्र का विरोध किया था।
इलेक्शन में की थी क्रॉस वोटिंग
राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के आरोप विधायकों में नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, रतिया के विधायक जरनैल सिंह, सढ़ोरा की विधायक रेणुबाला, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल शामिल हैं।
हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में इन पांचों कांग्रेस विधायकों को विशेष अतिथि बनाया है। मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार को पंचकूला में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव शामिल होंगे। इस कार्यक्रम से जुड़ते हुए जिला स्तरीय आयोजन किए गए हैं, ताकि संबंधित जिलों के लिए शुरू होने वाली परियोजनाओं का लोकार्पण अथवा शिलान्यास देखा जा सके।
हरियाणा सरकार के आदेश के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में एक मुख्य अतिथि और विधानसभा क्षेत्रों के विधायक अथवा भाजपा नेता विशेष अतिथि होंगे।
इन नेताओं को भी गया निमंत्रण
अंबाला जिले में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा के परिवहन व बिजली मंत्री अनिल विज होंगे, जबकि उनके कार्यक्रम में नारायणगढ़ की कांग्रेस विधायक शैली चौधरी को भी बुलाया गया है। फतेहाबाद में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम में रतिया के कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है।
नूंह जिले में होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया करेंगे, जबकि इस कार्यक्रम में पुन्हाना के कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यमुनानगर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा होंगे, जबकि इस कार्यक्रम में सढ़ोरा की कांग्रेस विधायक रेणुबाला को भी बुलाया गया है। पलवल जिला मुख्यालय पर होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे, जबकि इस कार्यक्रम में हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल को भी आमंत्रित किया गया है।
भाजपा से प्रगाढ़ हो चुके कांग्रेसियों के संबंध
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सहमति के बाद उनके ओएसडी भारत भूषण भारती की ओर से यह सूची जारी की गई है। राजनीतिक गलियारों में सरकार के इस कदम को एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आमतौर पर सरकारी कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास में सत्तापक्ष या सहयोगी दलों के नेताओं को ही तवज्जो दी जाती है।
लेकिन कांग्रेस के इन पांच विधायकों को सीधे तौर पर सरकारी जिम्मेदारी सौंपकर सरकार ने यह साफ कर दिया है कि इन निलंबित विधायकों के साथ सत्तापक्ष के संबंध बेहद मजबूत हो चुके हैं।
कांग्रेस से हो चुका इन विधायकों का मोहभंग
चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनाव या भविष्य की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए इन विधायकों को उनके ही गढ़ में सरकारी मंच देकर सरकार ने एक तीर से कई निशाने साधने का काम किया है। इससे एक तरफ जहां विपक्ष (कांग्रेस) के खेमे में खलबली मचना तय है, वहीं दूसरी तरफ इन विधायकों का अपनी ही पार्टी से मोहभंग होना और सत्तापक्ष के करीब आना अब पूरी तरह से साफ हो गया है।
