लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव के अयोध्या दर्शन वाले प्लान पर सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के बाद अब ओपी राजभर ने भी तंज कसा। सोशल मीडिया एक्स पर टिप्पणी करते हुए यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद करीब आ गए हैं? देर से ही सही सद्बुद्धि तो आई। अब लगे हाथ मथुरा और काशी की तारीखों की भी घोषणा कर दीजिए।
अखिलेश यादव को संबोधित एक अन्य पोस्ट में ओपी राजभर ने कहा कि आपके (अखिलेश के) बाराबंकी विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव, किसानों की जमीन हड़पने पर इस कदर उतारू हुए कि जमीन हड़पने में अड़ंगा बन रहे एक हाईकोर्ट और बाराबंकी के जुझारू अधिवक्ता राम मनोहर यादव के युवा बेटे को निर्दयता से मरवा दिया। बावजूद इसके आप मुंह सिल के बैठे हैं। क्यों? क्योंकि मारने वाला विधायक आपका अपना ‘यादव’ है। जिसे मरवाया गया वह भी यादव ही था। जौनपुर में भी यही हुआ था, आपके विधायक लकी यादव तो विशाल यादव की हत्या करने वालों को बचाते फिर रहे थे और तो और आप भी अपने विधायक जी को संरक्षण देते रहे। राजभर ने कहा कि जब हम कहते हैं कि आप सत्ताइस छोड़िए अगली पैदाइश तक भी सत्ता में नहीं आएंगे तो उसके पीछे एक सबसे बड़ी वजह ये है कि आप भेदभाव बहुत करते हैं।
संतों पर लाठीचार्ज कराने वाले माफी मांगकर ही अयोध्या आएं
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें माफी मांगने के बाद ही यहां आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का राजतिलक करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और अयोध्या की उपेक्षा की, उन्हें अपने किए की माफी रामभक्तों और संतों से मांगने के बाद ही इस पवित्र नगरी में आना चाहिए।’
12 दिसंबर को सपरिवार रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या आएंगे। वह अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव के साथ रामनगरी पहुंचेंगे। इस दौरान हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का आशीर्वाद लेने के बाद राम मंदिर में प्रभु श्रीराम और माता जानकी का दर्शन-पूजन करेंगे। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन की जानकारी दी है। तेज नारायण पांडेय ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी की जाएगी।
