चमोली। जनपद के डाॅ.शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग की तीन छात्राओं ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के छठे दीक्षान्त समारोह में गोल्ड मेडल प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।एम.एस-सी. गणित की छात्रा कंचन, एम.ए. अंग्रेजी की छात्रा कनिका नेगी एवं स्नातक स्तर पर बी.एस-सी बाॅयो गुप्र ( 2021-24) की छात्रा अमीषा रावत द्वारा सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह,उच्च शिक्षा मन्त्री डाॅ. धन सिंह रावत एवं कुलपति प्रो.एन.के.जोशी के हाथों गोल्ड मेडल व उपाधि प्रदान की गयी।
महाविद्यालय की छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो.(डाॅ.) राम अवतार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गौरव का क्षण है।सीमित एव अल्प संसाधनों में दूरस्थ ग्रामीण परिवेश से आने वाली तीनों छात्राओं द्वारा सर्वोच्च अंक प्राप्त कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है, जो हमें और अधिक प्रयास के लिए प्रेरित करता है। यह उन छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है जो सीमित संसाधनों के साथ प्रतिदिन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से महाविद्यालय में अध्ययन करने के लिए आते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. (डॉ.)वी.एन. खाली एवं सेवानिवृत्त पूर्व प्राचार्य प्रो.(डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने छात्राओं, उनके अभिभावकों व महाविद्यालय परिवार को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सम्मिलित प्रयासों से छात्राओ ने हासिल की है। महाविद्यालय के अन्य छात्र- छात्राओं को भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती सिंघल,डॉ. अखिलेश कुकरेती,डॉ. एम. एस.कण्डारी,डॉ. आर. सी. भट्ट, डॉ. एच. सी. रतूड़ी, डॉ. कविता पाठक, डॉ. इन्द्रेश कुमार पाण्डेय एवं गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ. रूपेश कुमार श्रीवास्तव,डॉ. शीतल देशवाल,डॉ. विनोद चन्द्र,अंग्रेजी विभाग से डॉ. दिशा शर्मा , डॉ. सीमा पोखरियाल ने छात्राओ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी विद्यार्थी और अधिक मेहनत कर अपना लक्ष्य प्राप्त करें। महाविद्यालय को और अधिक ऊंचाईयों पर ले जाने में अपना योगदान दें । समस्त प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी इन छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं दी।
