स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान के तहत वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

अपर महाप्रबंधक श्री राजकुमार वानखेडे ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री अनिल कुमार द्विवेदी सहित अन्य प्रधान विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
श्रमदान के दौरान मुख्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा कुल 250 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया, जिसका निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उचित निस्तारण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

अपर महाप्रबंधक श्री राजकुमार वानखेडे ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे दैनिक कार्यप्रणाली एवं व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना आवश्यक है। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों एवं कार्यालयों में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को व्यापक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल कार्यस्थल के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक के समन्वयन में पर्यावरण अनुभाग द्वारा किया गया।
