महंगाई और स्मार्ट मीटर मामले में सरकार का विरोध करते-करते सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के बोल बिगड़ गए। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा सांसद पर खूब बरसे। उन्होंने सांसद के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। सीएम ने कहा कि सपा सांसद का यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है। मुख्यमंत्री ने सपा सांसद की इस टिप्पणी को 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान बताया। सीएम योगी ने कहा कि देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी।
महंगाई के लिए पीएम को बताया जिम्मेदार
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान की निंदा करते हुए देर शाम उनका पुतला फूंका है। उधर, सांसद ने कहा कि देश मंहगाई सहित विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। पीएम इसके जिम्मेदार हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट में सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इस प्रदर्शन में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी भी थे।
ईवीएम धांधली, वोटरों के नाम काटने के लगाए आरोप
मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने पीएम द्वारा की गई डीजल-पेट्रोल कम खर्च करने, सोना कम खरीदने की अपील पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल चुनाव में लाखों वोटरों के नाम काटने, ईवीएम में धांधली, भारी संख्या में फोर्स लगा कर चुनावी मशीनरी का दुरुपयोग करने के आरोप भी लगाए। पीएम पर उनके अमर्यादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है।
भाजपा ने जताई आपत्ति
एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सपा की अनुशासनहीनता को उजागर कर करता है। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा ने कहा कि सांसद अपने पद की मर्यादा को लांघ रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माफी मांगने की आवाज उठाई है। उधर, सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि नेतृत्व में तमाम खामियां हैं इसलिए लोग अपने मन की बात कह रहे है। मुझे अपने बयान पर किसी भी प्रकार का कोई खेद नहीं हैं।
