मंडी: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर द्रंग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की सियासत अभी से तेज हो गई है. पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर के 82वें जन्मदिन पर द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव पारित किया. हालांकि, खुद कौल सिंह ठाकुर ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर नहीं की और कहा कि अब पार्टी को किसी युवा चेहरे को मौका देना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट को लेकर पार्टी हाईकमान का फैसला ही सर्वोपरि होगा.
मंडी के बिजनी में आयोजित जन्मदिन समारोह में प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और कौल सिंह ठाकुर के समर्थक पहुंचे. इस दौरान द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव रखा गया. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इसका समर्थन किया और प्रस्ताव पारित कर दिया. समारोह में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे राजनीतिक सफर को याद किया.
आठ बार विधायक चुने गए, अब युवाओं को मौका देने की पैरवी
मीडिया से बातचीत में कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि द्रंग की जनता के आशीर्वाद से वह आठ बार विधायक चुने गए हैं. अपने राजनीतिक जीवन में उन्हें राज्य मंत्री, मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि अब उनकी इच्छा है कि पार्टी किसी युवा चेहरे को आगे आने का मौका दे. हालांकि, प्रत्याशी चयन का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा और वह उसके निर्णय का सम्मान करेंगे.
कौल सिंह ठाकुर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पोते सहित कई युवा टिकट की दौड़ में हैं. पार्टी उसी उम्मीदवार को प्रत्याशी बनाएगी, जिसकी जीतने की संभावना सबसे अधिक होगी. उन्होंने दोहराया कि टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में है.
चंपा ठाकुर ने की दोबारा चुनाव लड़ने की पैरवी
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कौल सिंह ठाकुर के दोबारा चुनाव लड़ने की पैरवी की. उन्होंने कहा कि द्रंग की जनता आज भी उन्हें विधानसभा में देखना चाहती है. 82 वर्ष की उम्र में भी कौल सिंह ठाकुर पूरी तरह सक्रिय और फिट हैं. चंपा ठाकुर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह खड़गे इस उम्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, उसी तरह कौल सिंह ठाकुर भी पूरी ऊर्जा के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर ने करीब पांच दशक तक क्षेत्र की जनता की सेवा की है. उनके प्रति लोगों का लगाव और विश्वास ही है कि समर्थक उन्हें एक बार फिर चुनाव मैदान में देखना चाहते हैं.
