शिमला: सुबह ऑफिस शुरू होने से पहले का समय हो या फिर लंच टाइम में गुनगुनी धूप के बीच कार्यालय प्रांगण में झुंड में खड़े कर्मचारियों की चर्चा अथवा चार बजे टी-टाइम का संक्षिप्त ब्रेक, हिमाचल प्रदेश में इस समय चारों तरफ एक ही हॉट टॉपिक है. ये टॉपिक है सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की तरफ से हिमाचल विधानसभा के विंटर सेशन में लाया गया एक बिल. ये बिल सरकारी कर्मियों के बीच सबसे हॉट टॉपिक है.
हिमाचल में अनुबंध कर्मचारी वर्ष 2003 से ही चर्चा के केंद्र में हैं. अनुबंध अवधि पूरी होने के बाद कर्मचारी नियमित होते रहे. कर्मचारियों की प्रमुख मांग थी कि अनुबंध सेवाकाल को सीनियोरिटी व अन्य वित्तीय लाभों के लिए गिना जाए. इस मामले में कर्मचारियों को हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट से भी जीत मिली. वहीं, राज्य सरकार अनुबंध सेवाकाल को सीनियोरिटी व अन्य वित्तीय लाभों के लिए जोड़ने से कतराती रही. कारण ये कि इससे खजाने पर भारी बोझ पड़ रहा है. ऐसे में सरकार ने देनदारी से बचने के लिए एक्ट का सहारा लिया.
राज्य सरकार ने पहले विधानसभा में हिमाचल प्रदेश सरकारी कर्मचारी भर्ती व सेवा शर्तें विधेयक, 2024 लाया था. इस बिल को अदालत में चैलेंज किया गया और हाईकोर्ट के साथ सुप्रीम कोर्ट में भी ये एक्ट खारिज हो गया. उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को चार माह के भीतर कर्मचारियों के तय लाभ देने के आदेश जारी किए.
सरकार जब कानूनी लड़ाई हार गई तो उसने छह नवंबर 2026 को कार्मिक विभाग के जरिए गाइडलाइंस जारी कर दी. उस गाइडलाइंस में कहा गया था कि उपरोक्त लाभ केवल उन कर्मचारियों को मिलेंगे, जो कोर्ट गए थे. इसमें फेंस सिटर को कुछ भी नहीं मिलेगा. साथ ही सीनियोरिटी को फिर से निर्धारित करने की बात कही गई.
अब पेंच सीनियोरिटी को लेकर फंसा था तो राज्य सरकार फिर से नया बिल ले आई. ये बिल हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट सर्विसिज (क्वालिफाइंग एक्सपीरियंस एंड रेगुलेशन ऑफ प्रमोशन) बिल, 2026 लाई है. अब इस बिल को लेकर भारी असमंजस पैदा हो गया है. कन्फ्यूजन ये कि सीनियोरिटी कैसे निर्धारित होगी और क्वालिफाइंग एक्सपीरियंस की परिभाषा क्या होगी. हालांकि ये तब तय और स्पष्ट होगा, जब सरकार नियम बनाएगी, लेकिन कर्मचारियों के बीच इसे लेकर चर्चा जोरों पर है. बिल पास होने के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार नियम बनेंगे और तब सारी स्थिति स्पष्ट होगी. इस समय क्या स्थिति है और इस पूरे मसले की पृष्ठभूमि क्या है, इसकी पड़ताल का प्रयास किया जाएगा.
अलबत्ता यहां शीर्षक में लिखे गए अंग्रेजी वाक्य का संदर्भ दिया जाना जरूरी है. दरअसल, जब विधानसभा के विंटर सेशन में कर्मचारियों से जुड़े बिल पर रणधीर शर्मा की तरफ से लाए गए संशोधन पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपनी बात रख रहे थे तो उन्होंने इस कहावत का संदर्भ लिया था. वैसे तो ये शब्द अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन के हैं, लेकिन इन्हें अकसर उन स्थितियों में प्रयोग किया जाता है, जब किसी सवाल का तथ्यात्मक जवाब न दिया जा रहा हो. नेता प्रतिपक्ष ने इस वाक्य का प्रयोग कर्मचारी बिल पर पैदा हुए कन्फ्यूजन को लेकर किया है. आगे इस वाक्य का संदर्भ सहित विस्तार से हवाला दिया जाएगा.
क्या है अनुबंध कर्मियों का मामला
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में रोजगार के लिए सरकारी नौकरी का ऑप्शन बैस्ट माना जाता है. अधिकांश युवा सरकारी नौकरी करना चाहते हैं. संसाधनों की कमी से जूझ रहे छोटे पहाड़ी राज्य के लिए सरकारी कर्मियों के वेतन और पेंशनर्स की पेंशन का बोझ उठाना कठिन हो रहा था. इस बोझ को कम करने के लिए वर्ष 2003 में सरकारी नौकरी में अनुबंध की परिपाटी शुरू की गई. प्रेम कुमार धूमल की सरकार के समय ये चलन शुरू हुआ.
आरंभ में अनुबंध सेवाकाल आठ साल का तय किया गया. धीरे-धीरे इसमें कमी की गई. आठ साल से ये अवधि क्रमश: छह, पांच, तीन व दो साल हुई. जैसे-जैसे समय बीता, अनुंबध पर नियुक्त हुए कर्मचारियों ने नियमित होने के बाद ये मांग उठानी शुरू कर दी कि नियुक्ति की तिथि से उन्हें सीनियोरिटी का लाभ दिया जाए. ये मांग वर्ष 2017 में चुनावी मुद्दा भी रही.
हालांकि ये स्पष्ट था कि हिमाचल का खजाना इतना सेहतमंद नहीं है कि इस मांग को शब्दश पूरा कर सके. धीरे-धीरे कर्मचारियों ने अदालत का रुख किया और पहले अनुबंध सेवाकाल को पेंशन के लिए गिने जाने के अदालती आदेश आए और फिर अनुबंध सेवाकाल की अवधि को नियमित सेवाकाल में जोड़कर उससे उपजे लाभ दिए जाने के बारे में आदेश आने लगे.
शीला देवी केस में सुप्रीम कोर्ट तक से सरकार को झटका लगा और अनुबंध अवधि को पेंशन के लिए गिने जाने का रास्ता साफ हुआ. फिर कर्मचारी अनुबंध पर नियुक्ति की तिथि से सीनियोरिटी व अन्य लाभों की मांग पर अदालत का रुख करने लगे. राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में एक एक्ट लाकर उसे बैक डेट से लागू किया. उस एक्ट में नियमितिकरण से सीनियोरिटी का लाभ दिए जाने की बात थी. एक्ट को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई. एक साथ 445 याचिकाएं हाईकोर्ट ने निपटाई थी और एक्ट को खारिज कर दिया था. कर्मचारियों का तर्क था कि बेशक सरकार को एक्ट लाने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन उन्हें भी ऐसे एक्ट का प्रतिकार करने का अधिकार संविधान ने दिया है. हाईकोर्ट में कर्मचारियों की जीत हुई और उन्हें नियुक्ति की तिथि से सीनियोरिटी व अन्य परिणामी लाभ जारी करने के आदेश हुए.
सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. सुप्रीम कोर्ट ने भी एक्ट को खारिज कर दिया. सरकार ने एसएलपी दाखिल की, वो भी खारिज हो गई. फिर सरकार की रिव्यू पिटीशन भी खारिज हो गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल सरकार को चार महीने में कर्मचारियों को सीनियोरिटी व अन्य लाभ दिए जाने के आदेश जारी किए. सरकार ने 6 नवंबर 2026 को गाइडलाइन जारी की और केवल उन्हीं कर्मचारियों को लाभ देने की बात कही, जो अदालत गए थे. साथ ही गाइडलाइन में सीनियोरिटी को फिर से निर्धारित किए जाने की प्रक्रिया शुरू करने का जिक्र था.
अब नया कन्फ्यूजन
सुप्रीम कोर्ट की तरफ से दी गई चार महीने की अवधि इसी नवंबर के आखिर में पूरी हो रही है. सरकार का इरादा और समय हासिल करने के लिए क्यूरेटिव पिटीशन में जाने का प्रतीत हो रहा है. साथ ही सरकार ने विंटर सेशन में नया बिल पास कर दिया है. इस बिल के बाद से कई कन्फ्यूजन पैदा हो गए हैं. पहले इस बिल को संक्षेप में जान लेते हैं. संक्षेप में बात करें तो नया बिल ये कहता है कि सरकारी कर्मियों की प्रमोशन और सीनियोरिटी से जुड़े विवाद को हल करने के लिए ये कदम उठाया गया है. सरकार का कहना है कि प्रमोशन के लिए अनुभव को आधार बनाया जाएगा. अनुभव की परिभाषा भी सरकार ही तय करेगी.
प्रमोशन के लिए केवल फीडर कैटेगरी में सेवा की अवधि ही नहीं, बल्कि संबंधित पोस्ट के लिए तय किए गए अनुभव को आधार बनाया जाएगा. अब ये अनुभव कैसे तय होगा? इस पर सरकार ने बिल में कहा है कि अनुभव सरकार तय करेगी. सरकार के पास ये अधिकार होगा कि अलग-अलग पोस्टों, कैडर आदि के लिए प्रमोशन को लेकर जरूरी अनुभव की अवधि खुद तय करेगी यानी सरकार तय करेगी.
एक और असमंजस समीक्षा डीपीसी को लेकर है. किसी भी पोस्ट में प्रमोशन आदि के विवाद में अनुभव का क्या स्थान होगा, किसकी प्रमोशन प्रभावित होगी, उसे कैसे सुधारा जाए, इसे लेकर समीक्षा डीपीसी होगी. यानी दूसरे शब्दों में कहें तो सीनियोरिटी व प्रमोशन आदि तय होने में लंबा समय लगेगा. ऐसे में कर्मचारियों को उनकी सीनियोरिटी व वित्तीय लाभ कब व कैसे मिलेंगे, कर्मियों में यही बड़ी चिंता का बिंदु है.
‘अनुबंध सेवा का लाभ न देने को ढूंढ़ा अवैध तरीका’
कर्मचारी बिल पर विधानसभा के विंटर सेशन में भाजपा विधायक और कानून के गहरे जानकार रणधीर शर्मा ने संशोधन पेश किया. हालांकि इसे स्वीकार नहीं किया गया, लेकिन अपनी अमेंडमेंट दर्ज करते हुए रणधीर शर्मा ने कुछ अहम सवाल उठाए. उनका दावा और आरोप था कि राज्य सरकार ने अनुबंध सेवा का लाभ न देने के लिए बिल के माध्यम से अवैध तरीका अपनाया है.
प्रमोशन के लिए क्वालिफाइंग सर्विस की जगह क्वालिफाइंग एक्सपीरियंस को जोडऩे की बात है. ये एक्सपीरियंस क्या होगा और इस अनुभव की गणना कैसे होगी, इस पर सरकार अलग से कानून बनाएगी. रणधीर शर्मा ने सदन में कहा कि अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मचारियों की अनुबंध सेवा को उनके नियमित होने के बाद इन्क्रीमेंट, सीनियोरिटी, प्रमोशन व क्वालिफाइंग सर्विस के लिए गिना जाएगा. अगस्त 2023 को ये फैसला हाईकोर्ट का था.
सरकार ने इस फैसले के खिलाफ रिव्यू पिटीशन दाखिल की और वो खारिज हो गई. रणधीर शर्मा ने कहा कि फिर सरकार ने 2024 में हिमाचल प्रदेश रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ सर्विसेज ऑफ गवर्नमेंट इंप्लाईज एक्ट 2024 लाया. इस संशोधन विधेयक में नियमित होने के बाद सीनियोरिटी के लाभ की बात कही गई और इसे बैक डेट से लागू किया गया. हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सरकार को हार का सामना करना पड़ा. सुप्रीम कोर्ट से चार माह में लाभ देने के आदेश थे और तीन महीने सरकार सोई रही. जब कर्मियों ने कंटेंप्ट में जाने की बात कही तो 6 नवंबर को गाइडलाइंस जारी कर दी.
‘क्या कर्मचारी कोर्ट में जाते रहें’
रणधीर शर्मा का आशय था कि छह नवंबर की गाइडलाइंस में ऐसे प्रावधान हैं कि लिटिगेशन बढ़ेगी. मान लें पिटीशन दाखिल करने वाला कर्मचारी जूनियर है और उसे प्रमोशन का लाभ दिया जाता है तो सीनियर कर्मचारी अदालत चला जाएगा. क्या सरकार ये चाहती है कि हजारों कर्मचारी अदालत जाएं? फिर सरकार विंटर सेशन में नया बिल लेकर आ गई. इसमें ये कहा गया कि सीनियोरिटी सेवा के आधार पर नहीं, बल्कि एक्सपीरियंस के आधार पर होगी. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व कानूनी मामलों के जानकार विधायक त्रिलोक जम्वाल के भी लगभग यही कंसर्न थे और उन्होंने इस बिल को कर्मचारी विरोधी बताया.
सीएम सुक्खू ने बताया क्यों लाए बिल?
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में बिल को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कांग्रेस सरकार को कर्मचारी हितैषी बताया और ओपीएस आदि का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व सरकार कर्मचारियों व पेंशनर्स की भारी देनदारी छोड़ गई. सीएम सुक्खू ने सदन में जवाब देते हुए जो अहम बातें कहीं, उन्हीं के शब्दों में सरल रूप में नीचे दर्ज की जा रही हैं.
सीएम सुक्खू ने कहा- “पहले क्या होता था कि कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया जाता था. वर्ष 2003 में अनुबंध अवधि आठ साल की थी. फिर अल-अलग सरकारों में ये घटते हुए दो साल रह गई. अब यदि वर्ष 2003 में नियुक्त अनुबंध कर्मियों की आठ साल की सेवा को उनकी सीनियोरिटी में जोड़ दिया जाए तो उसका परिणाम क्या होगा? सुप्रीम कोर्ट ने अनुबंध कर्मियों को उनकी अनुबंध सेवा अवधि के आधार पर सीनियोरिटी देने का फैसला किया है. ऐसे में पहले से नियमित रूप से नियुक्त कर्मी प्रभावित होंगे.”
सीएम ने आगे कहा- “पहले भर्ती की दो व्यवस्थाएं थीं, एक अनुबंध आधार पर और दूसरी नियमित आधार पर. यदि अनुबंध कर्मचारियों की सेवा अवधि को उनकी सीनियोरिटी में जोड़ दिया जाता है, तो उनकी सीनियोरिटी पहले हो जाएगी और पहले से नियमित रूप से नियुक्त कर्मचारी लिस्ट में नीचे चले जाएंगे. परिणामस्वरूप उनमें से कुछ कर्मचारियों को डिमोशन का सामना करना पड़ेगा.”
इसी स्थिति को रोकने के लिए बिल में यह प्रावधान किया है कि किसी भी कर्मचारी की वरिष्ठता निर्धारित करने अथवा डीपीसी की समीक्षा करने से पहले अलग से डीपीसी आयोजित की जाएगी ताकि किसी भी कर्मचारी पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े. सीएम ने कहा कि वे यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि जब तक समीक्षा डीपीसी नहीं होगी तब तक किसी भी कर्मचारी को प्रमोशन के लिए अयोग्य नहीं माना जाएगा. सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अनुबंध कर्मियों को सीनियरिटी देने के आदेश दिए हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार दिनांक 12-12-2003 से सभी सीनियोरिटी लिस्ट को रिवाइज करना पड़ेगा. इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ही सीनियोरिटी रिवाइज हो रही है, बिल से नहीं.
अदालती आदेश के अनुसार एक्स-सर्विसमैन को सीनियोरिटी नहीं मिलती है, केवल फाइनेंशियल बेनिफिट मिलते हैं, जिन पर इस बिल का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. सीएम ने कहा कि ये बिल कर्मचारी हितैषी है और कॉन्ट्रैक्ट पीरियड में कार्य करने वाले कर्मचारियों को लेकर क्या प्रक्रिया अपनाई जाए, उसके लिए रिव्यू डीपीसी का प्रावधान किया गया है. जो कर्मचारी पहले से ही प्रमोट हो चुके हैं, उनकी सीनियोरिटी प्रभावित न हो, इसका प्रावधान भी बिल में किया गया है.
विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने भी चर्चा के दौरान आसन से एक बात कही. जिस समय सीएम सुक्खू अपनी बात समाप्त कर चुके तो अध्यक्ष ने कहा कि इसमें केवल यह स्पष्ट करना है अनुबंध सेवाकाल सीनियोरिटी के उद्देश्य से काउंट किया जाना है या नहीं. यही इश्यू है और इसे रूल्स में स्पष्ट कर देंगे. फिलहाल, यहां अनुबंध कर्मियों से जुड़े मसले पर सत्ता के गलियारों में लिए फैसलों और कानूनी पहलुओं की पड़ताल की गई है. अब सारी स्थिति रूल्स बनाए जाने के बाद स्पष्ट होगी. कर्मचारियों के बीच फिलहाल क्वालिफाइंग एक्सपीरियंस व सीनियोरिटी निर्धारण का असमंजस है. ये सब रूल्स आने पर ही पता चलेगा.
वरिष्ठ मीडिया कर्मी नवनीत शर्मा का कहना है कि अनुबंध पर नियुक्त कर्मचारियों के मसले लंबे अरसे से चर्चा में हैं. नए बिल के बाद भी स्थिति कुछ स्पष्ट नहीं है. रूल्स नोटिफाई होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. सीनियर एडवोकेट यशपाल शर्मा का कहना है कि फिलहाल बिल सदन में पारित हुआ है. इसमें जो बातें असमंजस पैदा कर रही हैं, उनके बारे में रूल्स आने पर ही कुछ कहा जा सकता है.
