चंडीगढ़ : 26 नवम्बर को संविधान दिवस पर हरियाणा में “सियासी संग्राम” होगा. एक तरफ जहां इसी दिन हरियाणा विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र होगा जिसमें संविधान दिवस और संविधान पखवाड़े के तहत भारतीय संविधान, नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा होगी. वहीं इसी दिन कांग्रेस पार्टी की तरफ से पंचकूला में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकला जाएगा. यानि एक ही मुद्दे पर सदन के अंदर और बाहर बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने होंगे.
26 नवम्बर को होगा एक दिन का विशेष सत्र : 26 नवम्बर को हरियाणा विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र हो रहा है. ये विशेष सत्र संविधान दिवस के मौके पर हो रहा है. इस सत्र के दौरान भारतीय संविधान, नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा होगी. ये एक दिन का विशेष सत्र उस वक्त हो रहा है, जब विपक्ष सत्ताधारी बीजेपी ( केंद्र और राज्य ) सरकार पर वोट चोरी और संविधान की अनदेखी करने का आरोप लगा रही है. ऐसे में इस एक दिन के विशेष सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिल सकती है.
विशेष सत्र के पहले होगी बीजेपी विधायक दल की बैठक : 26 नवंबर को होने वाले संविधान दिवस के मौके पर एक दिन के इस विशेष सत्र के पहले दिन यानी 25 नवंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी मंत्री, पार्टी विधायक और कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं. माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार के 2 साल के कार्यकाल में विधायकों के कार्यों की भी समीक्षा होगी. लेकिन ठीक एक दिन बाद होने वाले विशेष सत्र को लेकर भी इस बैठक में चर्चा होना तय है, इसमें सत्र को लेकर पार्टी अपनी रणनीति भी तैयार करेगी.
26 नवंबर के लिए कांग्रेस की भी बड़ी तैयारी : 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी कर रखी है. कांग्रेस पार्टी पंचकूला में एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रही है जिसको पार्टी ने “संविधान रक्षा मार्च” का नाम दिया है. संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस की तरफ से पंचकूला में विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे. मार्च की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी. संविधान निर्माताओं को पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा और संविधान के मूलभूत मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा.
कांग्रेस ने कर रखी लंबी रणनीति तैयार : इतना ही नहीं AICC के राष्ट्रव्यापी ‘वोट रक्षक अभियान’ को हरियाणा में बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने पर पार्टी विशेष जोर दे रही है. इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूचियों से हटाए गए मतदाताओं की पहचान करना, उनके नाम हटाए जाने की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करना और किसी भी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित होने से बचाना है. 22 से 30 नवम्बर तक वोट रक्षक अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर तथ्यों का सत्यापन करेंगे तथा संबंधित जानकारी इसके लिए निर्धारित पोर्टल www.iamvoterakshak.in पर अपलोड करेंगे. इसके साथ ही पार्टी 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांव-गांव में वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल करेगी. इन चौपालों का आधार 22 से 30 नवम्बर तक चलने वाले वोट रक्षक अभियान से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट होगी.
मताधिकार की रक्षा हमारा संकल्प : AICC प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की लड़ाई केवल किसी राजनीतिक दल के खिलाफ सत्ता की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह देश के संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को बचाने की लड़ाई है. आज जब लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाता सूची की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है.
क्या कहते हैं कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ? : विधानसभा के विशेष सत्र और कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अशोक अरोड़ा कहते हैं कि 26 नवंबर का दिन ऐतिहासिक दिन है. इस दिन बाबा साहब के नेतृत्व में संविधान कमेटी ने हमारे संविधान को अडॉप्ट किया था. कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी. कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते सबको बराबरी का अधिकार दिया, वोट का अधिकार दिया. आज यह सरकार उस अधिकार को छीन रही है. देश और संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस अपनी यात्रा निकालने जा रही है. जहां तक बात विशेष सत्र की है अच्छी बात है जो लोग संविधान को नहीं मानते वह भी उस दिन विशेष सत्र बुला रहे हैं. विधानसभा में हम पूरे तथ्यों के साथ लोकतंत्र को कमजोर करने के मुद्दे पर पर चर्चा करेंगे.
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का कांग्रेस पर पलटवार ? : इधर 26 नवंबर को होने वाली विधानसभा के विशेष सत्र और कांग्रेस पार्टी के पंचकूला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी कहते हैं कि आर्टिकल 356 का दुरुपयोग सबसे ज्यादा किसने किया? कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में इसका उपयोग 90 बार राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए किया. संविधान पर सवाल किसने खड़े किए, इमरजेंसी किसने लगाई. महिलाओं को सम्मान उन्होंने नहीं दिया, हमने दिया है. अंबेडकर जी की बातों का अनादर वे कर रहे हैं. वे राजीव गांधी और इंदिरा गांधी को तो भारत रत्न देते हैं लेकिन अंबेडकर को भारत रत्न नहीं देते. वे तो भाग जाते हैं हम डिबेट करने के लिए भी तैयार हैं.
क्या कहते हैं इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष? : विधानसभा के विशेष सत्र और कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला कहते हैं कि बीजेपी किस संविधान की बात करती है. एक तरफ कांग्रेस वाले वोट चोरी के नाम पर दिल्ली में प्रदर्शन करते हैं, हरियाणा में प्रदर्शन करते हैं. दूसरी तरफ लोकतंत्र बचाने के नाम पर बीजेपी तिरंगा लेकर देश भर में प्रदर्शन करती है. वे कहते हैं कि साल 1982 में देवीलाल जी को 53 विधायकों का समर्थन मिला था बावजूद उसके उनको सरकार बनाने का मौका नहीं मिला जबकि 37 विधायकों वाली कांग्रेस ने सरकार बनाई. इंदिरा गांधी की उस वक्त सरकार थी. भजनलाल जिनके पास केवल 37 विधायक थे उनकी सरकार बना दी गई. वोट की चोरी किसने शुरू की? संविधान की धज्जियां किसने उड़ाई? कांग्रेस पार्टी ने संविधान की धज्जियां उड़ाई. पहले कांग्रेस ने ये काम किया अब बीजेपी संविधान की धज्जियां उड़ा रही है. पिछले राज्यसभा चुनाव के दौरान 9 वोट किस तरीके से खरीदे गए, यह सब ने देखा. ऐसे में फिर संविधान कहां बचा है.
क्या कहते हैं राजनीतिक मामलों के जानकार ? : राजनीतिक मामलों के जानकार धीरेंद्र अवस्थी कहते हैं कि कांग्रेस पिछले कुछ समय से जिस तरीके से वोट चोरी के मामले को लेकर सक्रिय हुई है वह कहीं ना कहीं संवैधानिक अधिकार से भी जुड़ा हुआ मामला है. ऐसे में सरकार की तरफ से एक दिन का संविधान दिवस पर विशेष सत्र बुलाकर उस पर मंथन कर अपनी बात को जनता तक पहुंचाने का अवसर भी है. कांग्रेस इस बात को जानती है इसलिए वह इसी दिन पंचकूला में अपना कार्यक्रम कर रही है. कांग्रेस की कोशिश है कि जो बात उसने उठाई है, वो देश के हर नागरिक तक पहुंचे. वहीं वरिष्ठ पत्रकार राजेश मुद्गल कहते हैं कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर जहां सरकार ने एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है, ऐसे में कांग्रेस भी इस मौके को छोड़ना नहीं जा रही है. कांग्रेस जानती है कि इस वक्त जो माहौल उसने देश में बनाया है, उसको कैसे आगे बढ़ाया जाए. उसी को देखते हुए कांग्रेस ने इसी दिन अपना भी कार्यक्रम पंचकूला में रखा है. वे कहते हैं कि राजनीतिक तौर पर सभी दल अपनी अपनी परिभाषा के हिसाब से संविधान की बात कर रहे हैं. ऐसे में जनता किसके साथ खड़ी होती है, यह आगामी कई राज्यों के चुनावी नतीजे और देश के होने वाले चुनाव बताएंगे. लेकिन अभी सियासी नूरा कुश्ती संविधान के नाम पर सभी दल कर रहे हैं.
