शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है। हिमाचल में खेल छात्रावासों में अब खिलाड़ियों का दाखिला ट्रायल के आधार पर नहीं, बल्कि रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। स्कूल स्तर पर आयोजित होने वाली अंडर-14 खेलों में खिलाड़ियों की प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा। इसके आधार पर उनकी रैंकिंग निर्धारित की जाएगी।
विभाग के प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे ताकि वे आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
विभाग ने क्यों बदले नियम
पहले, विभाग खेल छात्रावासों में दाखिले के लिए ट्रायल आयोजित करता था। विभाग का मानना है कि ट्रायल के आधार पर दाखिला होने से कई बार अच्छे खिलाड़ी वंचित रह जाते हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों जैसे चंबा, सिरमौर आदि के बच्चे ट्रायल में भाग लेने नहीं आ पाते थे। अब विभाग उनकी रैंकिंग तय कर उन्हें दाखिले के लिए बुलाएगा।
11 खेल छात्रावास, छह प्रमुख खेलों की कोचिंग
हिमाचल प्रदेश में 11 खेल छात्रावास हैं, जिन्हें स्कूल शिक्षा निदेशालय संचालित करता है। इनमें छह प्रमुख खेलों की कोचिंग दी जाती है, जिनमें बास्केटबाल, फुटबाल, हाकी, बैडमिंटन, वालीबाल, कबड्डी और बाक्सिंग शामिल हैं। विभाग लगातार सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाल ही में विभाग की समीक्षा बैठक में इसके निर्देश दिए थे। मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही ये नियम बदला गया है। विभाग ने खेल छात्रावासों में जिम उपकरण खरीदने के लिए बजट भी जारी किया था।
पिछले साल 14 मेडल जीते
पिछले वर्ष विभाग ने खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में काफी कार्य किया और एक ही वर्ष में 14 मैडल जीते। विभाग ने निदेशालय में इन खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया था।
एक सीट के लिए बुलाए जाएंगे तीन खिलाड़ी
स्कूल स्तर पर पहले जोन स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इसके बाद छात्रों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाता है। जिला से राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी जाते हैं। यहां पर विभाग की चयन समिति हर जिला की टीम में खिलाड़ियों की प्रदर्शन देखकर उनकी रैंकिंग तय करेगी। दाखिले के लिए एक सीट के लिए तीन खिलाड़ियों को बुलाया जाएगा। उनकी उपलब्धियों के आधार पर ही दाखिला दिया जाएगा।
