समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के नाम पर देश को बांटने की कोशिश कर रही है। भाजपा देश की सीमाओं को सुरक्षित नहीं कर पा रही है और अब लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलने चली है। अखिलेश ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करेगी। अखिलेश शनिवार को संभल जिले के बहजोई में राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के वलीमे में शामिल होने पहुंचे थे।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संभल के लोग बहुत अच्छे हैं और यहां की जनता अमन-चैन के साथ रहना चाहती है। नेताजी मुलायम सिंह यादव भी संभल से चुनाव जीत चुके हैं और प्रोफेसर रामगोपाल यादव यहां से सांसद रहे हैं। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि देश में किसान परेशान हैं और बेरोजगारी की समस्या लगातार बनी हुई है। चीन के साथ सीमा विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं को लेकर चुनौती बनी हुई है। सरकार को सबसे पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बांटने में जुटी है।
परिसीमन के नाम पर देश को बांटने की कोशिश
उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए लोकसभा क्षेत्रों का बंटवारा करना चाहती है। महिला आरक्षण पर सपा का रुख स्पष्ट करते हुए अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है। हालांकि, महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़ने के सरकार के प्रस्ताव का सपा विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के नाम पर देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने भाजपा पर जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया।
विवादित पोस्टरों पर क्या बोले अखिलेश?
अखिलेश ने डीएपी खाद की उपलब्धता, धान के दाम और गन्ना मूल्य को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसान परेशान हैं और महंगाई के कारण व्यापारी भी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है और उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं बार-बार रद्द हो रही हैं। लखनऊ में अपने और आजम खान के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले से ही इस तरह के पोस्टर लगवाती रही है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा पोस्टर लगवा रही है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इसी बात से डरती है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घोषणापत्र में किए गए वादों के मुताबिक किसानों, युवाओं और विकास से जुड़े काम पूरे किए जाएंगे।
