2027 में होने वाले चुनाव को लेकर सीएम योगी ने कहा, भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव कमल के चेहरे के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा, कमल भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान और पार्टी परंपरागत तौर पर इसी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ती रही है। सीएम योगी समाचार चैनल एनडीटीवी के एक कार्यक्रम में सवालों का जवाब दे रहे थे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच मतभेद की खबरों को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम योगी ने कहा भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा इसका चुनाव निशान कमल है। उन्होंने विपक्ष पर निशाते हुए कहा कि संविधान और आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाने वाले और चुनाव के बाद ‘खटाखट-खटाखट’ का वादा करने वालों को अब प्रदेश की जनता ‘सफाचट-सफाचट’ करने के लिए तैयार है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, जो कल तक चोर था, आज दरोगा बनने का ढोंग करे तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस और सपा के बीच शह-मात का खेल जारी है। पूरा कुनबा बिखरने वाला है, इसी भय से जल्दबाजी में प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि जिनकी सरकार का वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये था, वे चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं, आखिर इसके लिए धन कहां से लाएंगे?
हमारी पिच पर आकर खेलें अखिलेश
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की बात पर कहा, हम भी चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें। जिस राम मंदिर आंदोलन का उन्होंने विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां और लाठियां चलवाईं, आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। अखिलेश यादव के गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीट जीतने के दावे पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, बुलडोजर का स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता। इसके लिए इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए।
सपा सरकार में भी हम गोरखपुर में चुनाव जीतते थे
उन्होंने कहा, सपा सरकार में भी हम गोरखपुर में चुनाव जीतते थे और उनके प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराते थे। वर्ष 2017, 2022 और 2024 में भी गोरखपुर में भाजपा ने सभी सीट पर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा, कांग्रेस और सपा अपने दागदार अतीत को छिपाकर जनता को गुमराह नहीं कर सकतीं। इन लोगों ने नौजवानों के रोजगार पर डकैती डाली, शिक्षा और स्वास्थ्य के ढांचे को नष्ट किया और असीम संभावनाओं वाले उत्तर प्रदेश की क्षमता को बर्बाद किया। प्रदेश की जनता दोबारा ऐसी अराजकता स्वीकार नहीं करेगी।
