पंजाब में सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। भीषण गर्मी और लू के कहर के चलते यह फैसला लिया गया। अब 25 मई सोमवार से पंजाब में सरकारी दफ्तर और सभी स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 1.30 बजे तक बंद हो जाएंगे। सरकार का यह फैसला स्कूलों (Schools In Punjab) की सभी क्लासेज के लिए लागू होगा।
CM भगवंत मान ने खुद जानकारी दी
बता दें कि सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदले जाने के संबंध में खुद सीएम भगवंत मान ने इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, ”गर्मी को ध्यान में रखते हुए, सोमवार, 25 मई से सरकारी ऑफिस और सभी स्कूलों में सभी क्लास का समय सुबह 7:30 AM से दोपहर 1:30 PM तक होगा।” पंजाब सरकार का यह फैसला सरकारी कर्मियों और स्कूली बच्चों को गर्मी की मार से बचाने और उन्हें राहत देने का काम करेगा।
पंजाब में गर्मी का कहर जारी
उत्तर भारत में गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। अलग-अलग हिस्सों में पिछले 5 दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जहां तेज धूप तन को झुलसाते हुए पसीने छुटा दे रही है तो वहीं भीषण लू ने अलग से बुरा हाल कर रखा है। पंजाब में कहीं-कहीं तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया है। पंजाब समेत चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और आसपास के हिस्सों में भी सीवियर हीटवेव यानी भीषण लू का अलर्ट जारी है। वहीं 25 मई से नौतपा शुरू होना है। जिसमें सूर्य की तपिश लोगों को और ज्यादा तपाएगी। अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में न जायें
इस समय आसमान से आग बरस रही है। भयंकर तेज धूप के साथ गर्म सूखी हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। गर्मी के प्रकोप का आलम यह है कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोगों को खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधे शूप के संपर्क में आने से सावधान रहने को कहा गया है क्योंकि वह गर्मी और लू से हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकते हैं। लोगों को अभी फिलहाल गर्मी से दो-चार होना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि पंजाब और चंडीगढ़ में जून के लास्ट सप्ताह में मानसून के आगमन के साथ बारिश शुरू होने की संभावना है। हालांकि इससे पहले प्री-मानसून बौछारें पड़ने की उम्मीद जताई गई है।
