चंडीगढ़। सरसों का साग, दाल मखनी, कढ़ी पकौड़ा और अमृतसरी छोले… इन पंजाबी व्यंजनों का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। अब पंजाब के रेडी टू ईट सफेद छोले और राजमा भी विदेशियों को आकर्षित कर रहे हैं, जोकि किसानों के लिए भी मुनाफे का सौदा है।
यही वजह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पेरिस में चल रही दुनिया की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी एसआईएएल में मार्कफेड के लोकप्रिय ब्रांड सोहणा के तहत दो नए उत्पाद कैन्ड सफेद छोले और कैन्ड राजमा लॉन्च किए हैं।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा-सरकार का उद्देश्य पंजाब के शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। एसआईएएल पेरिस 2026 में पंजाब मार्ट के बैनर तले मार्कफेड, मिल्कफेड और पंजाब एग्रो की ताकत को संयुक्त रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है।
20 लाख किसानों के हितों से जुड़ा मार्कफेड
सीएम ने कहा कि 21,248 करोड़ से अधिक के टर्नओवर वाला मार्कफेड सीधे तौर पर पंजाब के करीब 20 लाख किसानों के हितों से जुड़ा है, जोकि कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित दुनिया के 20 से अधिक देशों में अपने उत्पाद भेज रहा है। इन वैश्विक प्रयासों से किसानों और फूड प्रोसेसरों के लिए रोजगार और मुनाफे के नए अवसर पैदा होंगे।
पंजाब के निर्यातकों को मिलेगी नई ताकत
सीएम ने यह भी बताया कि कि पेरिस में प्रदर्शनी के दौरान फ्रांसीसी और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें हुई हैं। इस दौरान फूड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी, कोल्ड-चेन इंफ्राॅस्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स को लेकर चर्चा हुई।
पंजाब अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक फूड प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और ग्लोबल एक्सपोर्ट के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। नए अवसर मिलने पर पंजाब के निर्यातकों को नई ताकत मिलेगी।
