रामनगर: नैनीताल जिले के सांवल्दे क्षेत्र पंचायत सदस्य के उपचुनाव में नीना बेलवाल ने शानदार जीत दर्ज की है. नीना बेलवाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी कमल बेलवाल को 283 वोटों से हराया. वहीं, जीत की घोषणा होते ही नीना के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला, उन्होंने विजयी जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया.
क्यों खाली हुई थी सांवल्दे क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीट? बता दें कि रामनगर के सांवल्दे क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीट पिछले 6 महीनों से रिक्त चल रही थी. पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कंचन चौधरी के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया. चुनाव में नीना बेलवाल और कमल बेलवाल के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला. दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों की निगाहें मतदान से लेकर मतगणना तक परिणाम पर टिकी हुई थीं.
12 अक्टूबर को हुआ था मतदान: गौर हो कि यहां 12 अक्टूबर को मतदान हुआ था. जिसमें कुल 1,582 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. इसके बाद आज यानी 14 अक्टूबर को रामनगर ब्लॉक कार्यालय स्थित सभागार में मतगणना कराई गई. मतगणना के दौरान नीना बेलवाल को कुल 914 मत मिले. जबकि, कमल बेलवाल के पक्ष में 631 मत पड़े. इसके अलावा 37 मत निरस्त घोषित किए गए.
नीना बेलवाल ने कमल बेलवाल को 283 वोटों से हराया: इस तरह से नीना बेलवाल ने कमल बेलवाल को 283 मतों के अंतर से पराजित कर बंपर जीत हासिल की. चुनाव परिणाम सामने आते ही नीना बेलवाल के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए विजयी जुलूस निकाला और एक दूसरे को मिठाई खिलाई खुशियां मनाईं.
“मैं सांवल्दे पूर्व और पश्चिम की जनता का आभार जताती हूं. क्योंकि, उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया. मैं सभी के लिए आगे आकर काम करूंगी.“- नीना बेलवाल, नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य
सांवल्दे को मिला नया प्रतिनिधि: सांवल्दे क्षेत्र पंचायत सदस्य के उपचुनाव के परिणाम के साथ ही पिछले 6 महीनों से रिक्त चल रही इस सीट को नया प्रतिनिधि मिल गया है. अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य क्षेत्र की समस्याओं को उठाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी.
“नीना बेलवाल ने चुनाव में जीत हासिल की है. अब जितना भी कार्यकाल आगे का बचा है. हम सभी मिलकर काम करेंगे.“- मंजू नेगी, ब्लॉक प्रमुख, रामनगर
