शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि राज्य में चार नगर निगमों सहित नगर निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पार्टी के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। इसके परिणाम प्रदेश में किसी भी राजनीतिक दल की दशा व दिशा तय करेंगे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। सरकार विषम आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद बेहतर कार्य कर रही है। इसलिए प्रदेश की जनता को सरकार की मजबूती के लिए कांग्रेस का पुरजोर समर्थन करना चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि वह कभी भी किसी भी चुनाव को हल्के में नही लेते थे। यही वजह रही है कि प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार बढ़ता रहा। उन्होंने कहा कि अब भले ही वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं हैं, पर उनके आदर्श उनका आशीर्वाद हमेशा प्रदेश का मार्गदर्शन करता रहेगा।
एकजुटता से कार्य करने का संदेश
प्रतिभा सिंह ने पार्टी के नेताओं, नव गठित संगठन के पदाधिकारियों जिला व ब्लॉक के अध्यक्षों से इन चुनावों में पार्टी की जीत के लिए एकजुटता से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा है कि संगठन में उनकी यह पहली परीक्षा है, जिसमें उन्हें सफल होना है।
संगठन का जल्द विस्तार कर जिम्मेदारियां सौंपने का आह्वान
प्रतिभा सिंह ने पार्टी संगठन के जल्द विस्तार और पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी पार्टी को अभी से कमर कसनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से बहुत सी उम्मीदें हैं उन उम्मीदों पर समय रहते खरा उतरना होगा। प्रतिभा सिंह ने पार्टी के नेताओं, नवगठित संगठन के पदाधिकारियों जिला व ब्लॉक के अध्यक्षों से इन चुनावों में पार्टी की जीत के लिए एकजुटता से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा है कि संगठन में उनकी यह पहली परीक्षा है जिसमें उन्हें सफल होना हैं।
