मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को तलाशने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और वहां आधिकारिक तौर पर ‘स्किल गैप स्टडी रिपोर्ट’ लांच करेंगे।
स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम भी विशेष रूप से मंच साझा करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ-साथ शिक्षा जगत और औद्योगिक क्षेत्र के कई बड़े दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है।
क्या है स्किल गैप स्टडी रिपोर्ट
‘स्किल गैप स्टडी रिपोर्ट’ एक विस्तृत खाका है कि आज के आधुनिक उद्योगों को किस तरह के कुशल कामगारों की जरूरत है और वर्तमान में हमारे युवाओं के पास किस तरह का हुनर उपलब्ध है। इस गैप को समझने के बाद सरकार अपनी आगामी नीतियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बड़े बदलाव करेगी।
इस रिपोर्ट के आधार पर आने वाले समय में कॉलेज और यूनिवर्सिटी के पाठ्यक्रमों को उद्योगों की मांग के अनुसार ढाला जाएगा। इसका सीधा फायदा प्रदेश के उन लाखों युवाओं को मिलेगा जो पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में भटकते हैं। इस रिपोर्ट के लागू होने से युवाओं को वही हुनर सिखाया जाएगा, जिसकी बाजार में सबसे ज्यादा मांग है।
युवाओं के सशक्तिकरण और उद्यमिता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य मंत्री गौरव गौतम प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने पर भी चर्चा करेंगे। सरकार का लक्ष्य युवाओं को सिर्फ नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाना है। स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान द्वारा तैयार की गई यह रिपोर्ट युवाओं के कौशल को निखारकर राज्य में आर्थिक प्रगति को एक नई गति देने का काम करेगी।
