चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के बीच एक नाटकीय घटनाक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन विभाग वापस ले लिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इस विभाग को संभालेंगे।
मुख्यमंत्री के पास अब 14 विभागों का कार्यभार होगा, जबकि विपुल गोयल के पास तीन से घटकर दो विभाग रह गए। विपुल गोयल अब शहरी निकाय और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग संभालेंगे। अग्निशमन विभाग शहरी निकाय का हिस्सा है, जबकि आपदा प्रबंधन राजस्व विभाग का हिस्सा है।
हरियाणा सरकार की ओर से विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन विभाग वापस लेने संबंधी अधिसूचना पर 25 नवंबर की तारीख है, जबकि यह पत्र 26 नवंबर को उस समय सामने आया, जब संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र संचालित हो रहा था और विपुल गोयल समेत सभी मंत्री सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले रहे थे।
प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें चल रही थीं। मंत्रिमंडल में बदलाव तो अभी नहीं हुआ, लेकिन कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से एक विभाग वापस लेने के घटनाक्रम ने इन अटकलों को फिर से हवा दे दी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विपुल गोयल विधानसभा में ही मुख्यमंत्री की सीट पर उनसे बात करते नजर आए।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल पड़ी कि निकट भविष्य में किसी भी समय हरियाणा मंत्रिमंडल में कुछ बदलाव और हो सकते हैं। विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन विभाग वापस लेने से तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलकर आए हैं।
पिछली भाजपा सरकार में मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते कैबिनेट मंत्री अनिल विज से सीआईडी विभाग वापस लिया गया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार में यह पहला राजनीतिक घटनाक्रम है, जिससे बाकी मंत्रियों में भी बेचैनी की स्थिति पैदा हो गई। शहरी निकाय मंत्री के नाते विपुल गोयल ने हाल ही में केंद्र सरकार से स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
नागरिक उड्डयन विभाग में इस समय कई परियोजनाओं पर काम चल रहा था। विपुल गोयल साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार में पहली बार मंत्री बने थे। 2019 में उन्हें फरीदाबाद से टिकट नहीं मिला था, लेकिन वे तब भी भाजपा में बने रहे।
साल 2024 में दूसरी बार विधायक बने और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बने। नायब मंत्रिमंडल में 11 कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री हैं।
