चंडीगढ़: हरियाणा में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने और अपराध नियंत्रण की क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल परचेज कमेटी की बैठक में पुलिस के तकनीकी आधुनिकीकरण से जुड़े 62.40 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस राशि से नए सॉफ्टवेयर, अत्याधुनिक साइबर टूल्स और तकनीकी उपकरण खरीदे जाएंगे। खरीद प्रक्रिया अगले तीन माह में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार की इस पहल से हरियाणा पुलिस की जांच प्रणाली, साइबर अपराध से निपटने की क्षमता और तकनीकी दक्षता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। आधुनिक संसाधनों के साथ पुलिस को अपराधियों की पहचान, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और अपराध की रोकथाम में अधिक सक्षम बनाया जाएगा।
AI आधारित पुलिसिंग पर जोर
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने तकनीकी आधुनिकीकरण को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अगले दो वर्षों के रोडमैप पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बदलते अपराध के स्वरूप को देखते हुए पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देना जरूरी है।
हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में अनुसंधान अधिकारियों, थाना प्रभारियों, साइबर सेल प्रभारियों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में डिजिटल जांच, साइबर अपराधों की पहचान और नई तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नई चुनौतियां पैदा कर रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए हरियाणा पुलिस में एआई टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
तीन मॉड्यूल में तैयार होगी तकनीकी टीम
एआई टास्क फोर्स के तहत तीन प्रमुख मॉड्यूल पर काम किया जाएगा। पहले मॉड्यूल में एआई की समर्पित टीम तैयार होगी, जो अपराध नियंत्रण, अपराधियों की पहचान, डेटा विश्लेषण और पुलिसिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर काम करेगी।
दूसरे मॉड्यूल में डार्क वेब से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और जांच के लिए विशेष टीम बनाई जाएगी। तीसरे मॉड्यूल के तहत पुलिसकर्मियों को साइबर कमांडो के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे डिजिटल अपराधों और साइबर हमलों से निपटने में विशेषज्ञ भूमिका निभा सकें।
सोशल मीडिया पर निगरानी और अपराधियों का डेटाबेस
डीजीपी ने सीआईडी, साइबर क्राइम और एसटीएफ को सोशल मीडिया पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिशों को समय रहते पहचानना है।
प्रदेश में सक्रिय अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को एकीकृत कर केंद्रीकृत डेटाबेस और डिपॉजिटरी तैयार की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी स्टेट क्राइम ब्रांच, हरियाणा को सौंपी गई है। इससे विभिन्न जिलों में सक्रिय अपराधियों की जानकारी एक ही प्रणाली में उपलब्ध हो सकेगी और अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
हरियाणा पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए आरजेएसएफ पैटर्न पर आधारित इंटेलिजेंस मॉडल भी विकसित किया है। रोहतक में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई इस पहल को झज्जर, सोनीपत और फरीदाबाद के बाद अब प्रदेश के लगभग सभी जिलों में लागू किया जा चुका है।
साइबर हॉटस्पॉट की पहचान और एटीएम सुरक्षा
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मोबाइल लोकेशन प्लॉटिंग के माध्यम से प्रतिदिन अपराध के हॉटस्पॉट्स की पहचान की जा रही है। इससे उन क्षेत्रों को चिन्हित करने में मदद मिल रही है, जहां साइबर अपराध की गतिविधियां अधिक सामने आती हैं।
इसके साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित एटीएम को तकनीकी निगरानी प्रणाली से जोड़कर डेली अलर्ट सिस्टम विकसित किया गया है। एटीएम से छेड़छाड़ या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना मिल सकेगी।
डीजीपी ने शेष बैंकों और कंपनियों के एटीएम को भी जल्द इस प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। तकनीकी संसाधनों की खरीद, विशेष प्रशिक्षण और केंद्रीकृत सूचना प्रणाली के माध्यम से हरियाणा पुलिस को भविष्य की अपराध चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
