शिमला। हिमाचल प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज राय ने सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। प्रदेश सरकार ने 21 नवंबर को जारी अधिसूचना के तहत उन्हें इसी दिन से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान कर दी है। उन्हें तीन महीने का पूर्व नोटिस देने की अनिवार्यता से भी छूट दी गई है।
जिला कुल्लू ढालपुर के रहने वाले पंकज राय को हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (एचपीईआरसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
जानिए पंकज राय के बारे में
59 वर्षीय पंकज राय का जन्म नौ जुलाई 1967 को हुआ है। रिटायरमेंट से ठीक पहले पंकज राय ने वीआरएस लेकर विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष का पद संभाला है। पंकज राय ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की। इसके बाद फाइनांस में एमबीए की। 2000 में एचएएस अधिकारी बने, इस दौरान 11 साल एसडीएम का पद संभाला। 2014 में आईएएस अधिकारी बने।
मुख्य सचिव ने जारी की अधिसूचना
कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेश से जारी हुई है। पंकज राय इससे पहले चंडीगढ़ स्थित पीजीआइ में उप निदेशक (प्रशासन) के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
डीसी बिलासपुर व लाहुल सहित अहम पदों पर रहे
इससे पूर्व वह हिमाचल में उपायुक्त बिलासपुर, उपायुक्त लाहुल स्पीति, शिमला नगर निगम आयुक्त और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष पद की दिलाई शपथ
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (एचपीईआरसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज राय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने पंकज राय को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त अध्यक्ष निष्ठा, ईमानदारी एवं दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश के विद्युत क्षेत्र के नियामक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
