धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षा समारोह रविवार को आयोजित होगा। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) न्यायमूर्ति सूर्यकांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मौजूद रहेंगे।
702 विद्यार्थियों को दी जाएंगी डिग्री
वर्ष 2024 तक के पात्र स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। कुल 702 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें 584 स्नातकोत्तर विद्यार्थी हैं, जिनमें 288 छात्राएं और 296 छात्र हैं। स्नातक वर्ग के 29 विद्यार्थियों को भी डिग्री मिलेगी।
32 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे
जनवरी से दिसंबर 2024 के बीच पीएचडी पूरी करने वाले 48 शोधार्थियों को भी उपाधि दी जाएगी। समारोह में 32 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इनमें 23 छात्राएं और 9 छात्र हैं।
छात्राओं का दबदबा
कुलपति ने कहा कि अधिकांश विभागों में छात्राओं ने शीर्ष स्थान हासिल किया है और अकादमिक उपलब्धियों में लगातार आगे बढ़ रही हैं। विद्यार्थियों का पूर्वाभ्यास शनिवार को किया गया। ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल से विद्यार्थियों ने सहमति दी है।
छात्रों के लिए ड्रेस कोड
विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित है। छात्राएं सुनहरे बॉर्डर वाली सफेद सलवार-कमीज या साड़ी के साथ काले जूते अथवा सैंडल पहनेंगी। छात्रों के लिए पूरी आस्तीन का सफेद कुर्ता-पायजामा और काले जूते तय हैं। पारंपरिक पगड़ी के लिए भी निर्धारित रंगों का पालन करना होगा।
ये हस्तियां आ चुकी हैं समारोह में
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दलाई लामा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सहित कई हस्तियां पहले भी दीक्षा समारोहों में शामिल हो चुकी हैं।
