शिमला: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को शिमला में कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा. भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान सरमा ने कहा कि कांग्रेस देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो ज्ञानेश कुमार से नहीं, मोदी से लड़कर दिखाए. उन्होंने ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए सीएम सुक्खू पर तीखा तंज कसा. सरमा ने कहा, “अगर EVM खराब है, तो सुक्खू मुख्यमंत्री बनकर कैसे बैठे हैं? कांग्रेस में शर्म नाम की चीज बची ही नहीं है. आज सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली गए हैं EVM का विरोध करने. अरे, जिस मां के पेट से तुम पैदा हुए हो, उसी मां को गाली देने तुम दिल्ली गए हो.” उन्होंने आगे कहा, “मैं फिर कहता हूं कि जिस EVM के पेट से सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं, आज वह उसी को गाली दे रहे हैं.”
‘अगले साल हिमाचल में BJP का मुख्यमंत्री होगा’
असम के मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में अगले साल भाजपा की सरकार बनने का दावा किया. उन्होंने कहा, ‘मैं कामाख्या देवी की धरती से तारादेवी की धरती पर आया हूं. अगले साल इसी समय हिमाचल में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा.’ सरमा ने प्रदेश की जनता से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विदा करने की अपील की. उन्होंने सुक्खू सरकार पर बेरोजगारी और महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी पूरी नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में कितने लोगों को रोजगार मिला है.
‘वोट चोरी छोड़ो, दिल चोरी करना सीखो’
हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास के नाम पर चुनाव लड़कर जीत रहे हैं. कांग्रेस को वोट चोरी का मुद्दा छोड़कर लोगों का दिल जीतना सीखना चाहिए. सरमा ने राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने इन फैसलों के जरिए लोगों का दिल जीता है. उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि अगर 2024 का चुनाव गलत था तो राहुल गांधी उसी चुनाव में कैसे जीते. सरमा ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि अगर उन्हें चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को लेकर भी साधा निशाना
सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग और अदालतों पर भी सवाल उठाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि दो-तीन हजार लोगों को इकट्ठा करके दिल्ली में शासन बदल देगी, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजनीतिक लड़ाई लड़ने की चुनौती दी. SIR के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर मतदाता सूची में गड़बड़ी होती तो केरल, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें कैसे बनतीं. उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि SIR के दौरान गलत तरीके से किसका नाम मतदाता सूची से हटाया गया.
‘सुक्खू को ऐसा हराओ कि हेलीकॉप्टर प्रियंका गांधी के घर उतरे’
हिमाचल की जनता से अपील करते हुए सरमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विदा कर देना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुक्खू को प्रियंका गांधी के घर पर नौकरी मिल जाएगी. सरमा ने कहा कि सुक्खू को ऐसा चुनाव हराना चाहिए कि उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग प्रियंका गांधी के घर पर हो. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चिंता न करें, क्योंकि धोखा तो कांग्रेस के साथ भी हुआ है. सरमा ने कहा कि धोखा देना और वादाखिलाफी करना भी महाचोरी है और ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर करना जरूरी है.
