पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर अपने बारे में वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। उन्होंने बुधवार दोपहर लाइव आकर फिर दोहराया कि वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी है और उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। वहीं सीएम मान ने कहा कि उन्होंने पिछले दिनों वीडियो की 2 फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट दिखाई थीं। जिसमें उनके होने का कहीं सबूत नहीं है। लेकिन अब विरोधी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट को भी फर्जी बता रहे हैं और संबन्धित लैब मालिकों पर दबाव बनाने के लिए बीजेपी उनपर हमला कर रही है। उनके खिलाफ एफ़आईआर की जा रही है।
दरअसल सीएम भगवंत मान ने कहा, ”पिछले कुछ दिनों से घटिया राजनीतिक के तहत मेरी फर्जी वीडियो वायरल की जा रही। विरोधियों का और किसी तरह से मुझ पर बस नहीं चल रहा तो ये मुझे धर्म की आड़ लेकर बदनाम करने में लगे हैं। जो वीडियो सामने लाई गई है। उसमें न तो मेरे शरीर की बनावट मिलती है और न मेरे खड़े होने और चलने का अंदाज। लेकिन उस वीडियो को देखकर मुझे दोषी साबित कर दिया गया। मगर सारी संगत ने ये वीडियो देखी और देश और विदेश से कई लोगों के मुझे कॉल और मैसेज आये। उन्होंने कहा कि यह वीडियो नकली है। बाद में हमने फ़ोरेंसिक लैब में इसकी जांच करवाई और अब लैब मालिकों पर भी BJP हमला कर रही है।”
पंजाब में बीजेपी, अकाली और कांग्रेस ने हाथ मिलाया
सीएम भगवंत मान ने कहा, ”पंजाब में SAD, BJP और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। इनके द्वारा सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ़ हर रोज झूठे वीडियो फैलाए जाते हैं, जैसे अब इस पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। लेकिन वे मुझे तोड़ नहीं सकते। मैं लोगों के लिए काम करता रहूँगा। ज्ञात रहे कि इससे पहले 18 जून को भी सीएम भगवंत मान सोशल मीडिया पर लाइव आए थे और कहा था कि फर्जी वीडियो फैलाकर मुझे बदनाम किया जा रहा है। उस समय सीएम भगवंत मान ने 2 रिपोर्ट दिखाईं थीं और DGP से छानबीन करने और ऐसा करने के वाले खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था।
अकाल तख्त ने सीएम मान को गुरु दोषी ठहराया
पंजाब में इस वक्त सीएम मान के विवादित वीडियो को लेकर मामला बेहद गरमाया हुआ है और पूरे मामले में तूल पकड़ लिया है। इस वीडियो में सीएम भगवंत मान के होने का दावा किया जा रहा है और वीडियो में उन्हें सिख गुरुओं की तस्वीरों का अपमान करते हुए दिखाया गया है। वीडियो के सामने आने के बाद अमृतसर में सिख पंथ की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने भगवंत मान को गुरु दोषी और पंथ विरोधी करार दे दिया है। हालांकि दूसरी ओर सीएम मान ने सफाई दी है कि वह इस वीडियो में नहीं हैं।
