हिसार। खेदड़ गांव में मंगलवार दोपहर बाद साढ़े चार बजे 39 साल के कर्मबीर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। घायल हालत में स्वजन उसे शहर के नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। बुधवार सुबह शव का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खेदड़ गांव निवासी कर्मबीर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह गांव में खेतीबाड़ी का काम करता था। स्वजन ने बताया कि कर्मबीर कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसकी शहर के एक निजी अस्पताल से दवाइयां चल रही थी। दो-तीन दिन पहले उसकी तबीयत बिगड़ी तो स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया था। सोमवार को ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कर्मबीर के पास लाइसेंसी रिवाल्वर थी। गोली की आवाज सुनकर स्वजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि कर्मबीर जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। यह देखकर स्वजन उसे नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लेकर आए। यहां पर जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मृतक कर्मबीर पहले पहलवानी करता था और घर से बाहर ही रहता है। फिर उसने अचानक पहलवानी करना छोड़ दिया और अब घर पर खेतीबाड़ी का काम करता था।
