शिमला/सोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में फ्लोरीकल्चर एवं लैंडस्केप आर्किटेक्चर विभाग के प्रधान विज्ञानी डा. हरमिंदर सिंह बवेजा को कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविन्द्र गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। डा. बवेजा ने शनिवार को कुलपति का अतिरिक्त कार्यभाल संभाल लिया है। कुलपति डा. राजेश्वर सिंह चंदेल का एक वर्ष का अतिरिक्त कार्यकाल आठ मई को समाप्त हुआ था।
एफएओ सम्मेलनों में भारत का किया था प्रतिनिधित्व
प्रख्यात फ्लोरीकल्चर विज्ञानी डा. बवेजा के पास शिक्षण, अनुसंधान, प्रशासन व प्रसार कार्यों का 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक, हिमाचल व उत्तराखंड के बागवानी निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने एफएओ सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
साथ ही यूरोप व यूएई में अंतरराष्ट्रीय अध्ययन दौरे भी किए हैं। उन्हें ई-नाम क्रियान्वयन के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार (2017) व एशिया पैसिफिक एक्सीलेंस अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद डा. बवेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का विशेष ध्यान ऐसे कुशल स्नातकों को तैयार करने पर होगा, जो कृषि व बागवानी के विकास में योगदान दें।
