मंडी: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी प्रवास के दौरान नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल को स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं. मुख्यमंत्री ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक 3 टेस्ला MRI मशीन और टर्शरी केयर कैंसर सेंटर का लोकार्पण किया. इसके अलावा PET-CT स्कैन मशीन के लिए अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास भी किया.
समारोह के दौरान पत्रकारों और मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2017 में स्थापित इस मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से MRI जैसी महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सुविधा का अभाव था. अब 3-टेस्ला MRI मशीन की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को आधुनिक जांच की सुविधा प्रदेश में ही मिल सकेगी”.
सीएम ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और फैकल्टी सदस्यों से सीधे संवाद कर संस्थान की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेज को भविष्य में और अधिक संसाधन उपलब्ध करवाकर मजबूत करेगी. स्वास्थ्य और शिक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं. सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है. निर्णय जनहित को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं.
बल्ह विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात
इससे पहले मुख्यमंत्री बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए. इसके बाद उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ऐतिहासिक बताया. उन्होंने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में संगठन की गतिविधियां बढ़ी हैं और कांग्रेस को जनसमर्थन मिल रहा है
‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भाजपा पर निशाना
देशभर में उठ रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ की राजनीति करती रही है. यदि वोट चोरी का मुद्दा सामने आया है तो इसकी जांच और तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए. यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो वह गलत है.
