करनाल: दुनिया के सबसे बड़े शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण के परिणामों का ऐलान हो चुका है. करनाल शहर को हरियाणा राज्य का पहला स्वच्छ शहर चुना गया है. केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय की ओर से परिणामों की घोषणा की गई है. नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रोपर्दी मुर्मू ने हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, महापौर रेणु बाला गुप्ता व नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा को राष्टपति पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
स्वच्छता सर्वेक्षण 2026- हरियाणा में करनाल अव्वल: मंच पर राष्ट्रपति के साथ केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल, इसी मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू व सचिव उपस्थित थे. लगातार दूसरी बार राष्टपति पुरस्कार पाने वाला करनाल हरियाणा प्रदेश का पहला शहर बन गया है. राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग अगले दो दिन में जारी होने की उम्मीद है. नगर निगम की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शहरवासियों को बधाई देते कहा कि करनाल शहर के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश को गौरवशाली उपलब्धि मिली है.
मेयर ने पूरी टीम को दी बधाई: करनाल की मेयर ने कहा कि ये हमारे लिए गर्व की बात है कि स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल को एक बार फिर राष्टपति अवॉर्ड से नवाजा गया है. इसके लिए उन्होंने नगर निगम करनाल की पूरी टीम विशेषकर सफाई मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच, पारदर्शी कार्य तथा जनसेवा के प्रति पूर्णत: समर्पित नेतृत्व में करनाल शहर को विकास व स्वच्छता में नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया है.
सीएम सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जताया आभार: उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद करते कहा कि उनके कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में करनाल निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है. स्वच्छ सर्वेक्षण के इस परिणाम के लिए उन्होंने समर्पित सफाई मित्रों, निष्ठवान अधिकारियों व कर्मचारियों और जागरूक शहरवासियों को सफलता का श्रेय दिया, जिन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है.
नगर निगम आयुक्त सलोनी ने जानें क्या कहा: करनाल नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने करनाल शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड मिलने पर समस्त शहरवासियों को बधाई दी और कहा कि ये सामुहिक सहयोग व नागरिक सहभागिता से ही सम्भव हुआ है. उन्होंने सफाई मित्रों की यह कहकर प्रशंसा की वे हर मौसम में साफ-सफाई के कार्य में लगे रहते हैं. इसे देखते उनका योगदान सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महीनों के समर्पित प्रयासों, नवीन दृष्टिïकोणों और स्वच्छता के प्रति अटूट प्रतिबद्घता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल की सफाई शाखा और हमारे सफाई मित्रों ने एक टीम के रूप में कार्य कर इस सफलता को हासिल किया है, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं.
इन मापदंडों पर खरा उतरा करनाल: उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत बीते माह मार्च-अप्रैल में भारत सरकार की टीम की ओर से सर्वेक्षण किया गया था. इस दौरान दृश्यमान स्वच्छता, कूड़ा पृथक्करण, एकत्रीकरण व उसका परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता तक पहुंच, प्रयुक्त जल प्रबंधन, डीस्लजिंग सेवाओं का मशीनीकरण, स्वच्छता की वकालत, परिस्थिति तंत्र की मजबूती और संस्थागत मापदंड, सफाई कर्मचारियों का समग्र कल्याण तथा नागरिक प्रतिक्रिया व शिकायत निवारण जैसे बिन्दूओं पर सर्वेक्षण किया गया था. टीम के मूल्यांकण कर्ताओं द्वारा नगर निगम द्वारा तैयार किए गए डॉक्यूमेंट्स की भी गहन जांच की गई और पूरे सर्वेक्षण की रिपोर्ट केन्द्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय को भेजी गई. इसी के आधार पर परिणामों की घोषणा की गई है.
