शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सोमवार को दोबारा दिल्ली जाएंगे। मुख्यमंत्री का पहले 10 सितंबर को दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात का समय मिलने के बाद कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
अब मुख्यमंत्री सोमवार को दिल्ली रवाना होंगे और 10 सितंबर को केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करके लौट आएंगे। मुख्यमंत्री केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात करेंगे।
इन बैठकों में हिमाचल से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों को उठाए जाने की संभावना है। नितिन गडकरी के साथ बैठक में प्रदेश की सड़क परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों और केंद्र से लंबित स्वीकृतियों व वित्तीय मामलों पर चर्चा हो सकती है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के अलावा वह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे के दौरान सरकारी मुद्दों के साथ संगठन और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की अटकलें हैं। मुख्यमंत्री का हालिया दिल्ली दौरा भी राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में रहा था।
