शिमला: दीपावली के त्योहार पर हिमाचल प्रदेश के हजारों श्रमिक परिवारों के घर खुशियों का उजाला होने जा रहा है. आर्थिक तंगी के बीच परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहे श्रमिकों को प्रदेश सरकार बड़ी राहत देने जा रही है. हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के 1,444 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को कुल 6 करोड़ 10 लाख 57 हजार 310 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज यानी शुक्रवार, 6 नवंबर को यह सहायता राशि वितरित करेंगे. इस पहल के तहत किसी परिवार को बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद मिलेगी तो किसी के बच्चों की पढ़ाई, इलाज और आवास की जरूरतें पूरी होंगी. खास बात यह है कि सहायता राशि में विवाह, शिक्षा, चिकित्सा, मृत्यु एवं अंतिम संस्कार और मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया गया है.
बोर्ड की ओर से जारी विवरण के अनुसार विवाह सहायता योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये और चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54,610 रुपये वितरित किए जाएंगे. इसके अलावा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 86 लाख 58 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. शेष 5 लाख 10 हजार रुपये अन्य कल्याणकारी योजनाओं एवं सहायता मदों के तहत वितरित होंगे.
मंडी के सबसे अधिक 440 श्रमिक परिवारों को लाभ
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडी जिला के सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की सहायता मिलेगी. शिमला जिला के 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये, बिलासपुर के 173 लाभार्थियों को 65 लाख 53 हजार 800 रुपये और किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये वितरित किए जाएंगे. इसी तरह हमीरपुर जिला के 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये, ऊना के 142 लाभार्थियों को 1 करोड़ 5 लाख 5 हजार 700 रुपये, चंबा के 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपये तथा सिरमौर के 29 लाभार्थियों को 15 लाख 38 हजार 200 रुपये की सहायता दी जाएगी. कांगड़ा जिला के 63 लाभार्थियों को 31 लाख 200 रुपये, सोलन के 10 लाभार्थियों को 5 लाख 95 हजार रुपये और कुल्लू जिला के 38 लाभार्थियों को 9 लाख 45 हजार 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
श्रमिक परिवारों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान पर जोर
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड प्रदेश के पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है. इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, बेटियों के विवाह, चिकित्सा उपचार, आवास निर्माण और विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है. प्रदेश सरकार का उद्देश्य श्रमिक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन प्रदान करना है. दीपावली के अवसर पर वितरित होने वाली यह सहायता राशि प्रदेश के 1,444 श्रमिक परिवारों के लिए त्योहार की खुशियों को दोगुना करेगी.
