पंचकूला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने पंचकूला के सेक्टर-10 के वार्ड 4 में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां मनसा देवी और मां चंडिका का आशीर्वाद सदैव भारतीय जनता पार्टी पर बना रहा है। उन्होंने कहा कि मां चंडी और मां मनसा देवी के आशीर्वाद से भाजपा लगातार विजय प्राप्त करती आई है और आगे भी यह विजय यात्रा जारी रहेगी। मंगलवार को श्री बड़ौली भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और वार्ड चार के प्रत्याशी भारत हितेशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने मेयर प्रत्याशी और सभी 20 वार्डों में 21 कमल के फूल खिलाने की जनता से अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष ने देश के विभिन्न राज्यों के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मां काली के आशीर्वाद से भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है, वहीं असम में भी मां कामाख्या देवी के आशीर्वाद से पार्टी ने तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पांडुचेरी, केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ा है और लोगों का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर लगातार मजबूत हो रहा है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पांचों प्रांतों में आए चुनावी परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने तीसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपकर विकास पर अपनी मुहर लगाई है।
नगर निगम चुनावों को लेकर उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि पंचकूला में 20 पार्षद और एक मेयर का चुनाव होना है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता और मतदाता मिलकर 21 कमल के फूल खिलाएं और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि जब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी तो तो विकास कार्यों की गति कई गुना बढ़ जाएगी।
जनसभा में बोलते हुए मोहन लाल बड़ौली ने पंचकूला में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं और यह भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद सभी लोगों ने देश और प्रदेश को बदलते हुए देखा है।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया गया है। महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और चिरायु जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में नायब सैनी सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई हैं और उन्हें धरातल पर लागू किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस समय सात स्थानों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें तीन पालिकाएं, एक परिषद और तीन नगर निकाय शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी स्थानों पर भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल बना हुआ है और हर वार्ड में कमल के फूल खिलेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने भाजपा के संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने 21 वादे किए हैं, जिनके साथ पंचकूला के लिए 9 विशेष वादे भी जोड़े गए हैं। इन योजनाओं पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को समर्थन देकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं, ताकि विकास की गति और तेज हो सके और पंचकूला को एक आधुनिक एवं विकसित शहर बनाया जा सके।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पूर्व मंत्री डा. महासिंह, जिला प्रभारी रवि बतान, पूर्व चेयरमैन कुलभूषण गोयल, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, संजय आहुजा, विरेंद्र भाउ, सोनिया सूद, उमेश सूद, चेयरमैन अमरपाल राणा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मंजीत गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
