लखनऊ। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने राज्य सरकार से पूछा है कि किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने और टॉप-50 माफिया सूची में शामिल करने की क्या प्रक्रिया है। न्यायालय ने यह भी जानकारी मांगी है कि याची का नाम शामिल करते समय प्रक्रिया का पालन हुआ या नहीं। सरकार को दो सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने का समय दिया गया है।
न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन व न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने बहराइच निवासी गब्बर सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजेश सिंह की याचिका पर यह आदेश पारित किया। याची ने स्वयं को माफिया घोषित करने और टॉप-50 माफिया सूची में नाम शामिल करने को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ने 17 मार्च, 2026 के हलफनामे में स्पष्ट किया कि पहले दाखिल हलफनामे में ‘भूमाफिया’ शब्द गलती से इस्तेमाल हुआ था। सरकार के अनुसार याची को भूमाफिया घोषित नहीं किया गया।
डीएम ने दी सफाई, बोले-भूमाफिया मानकर कोई कार्रवाई नहीं
जिलाधिकारी, बहराइच ने 11 मार्च, 2026 के पत्र में भी कहा था कि 1 मई, 2017 के शासनादेश के तहत उसके खिलाफ भूमाफिया मानकर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, न्यायालय ने कहा कि मुख्य विषय याची को माफिया घोषित करने और उसका नाम टॉप-50 सूची में शामिल करने का है। पुलिस अधीक्षक, बहराइच के हलफनामे के साथ 15 अप्रैल, 2026 का आदेश न्यायालय के सामने रखा गया। इसके मुताबिक, याची के भाई ने उसका नाम टॉप-50 माफिया सूची से हटाने के लिए आवेदन दिया था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। सरकारी वकील ने मामले में हलफनामा दाखिल करने के लिए समय मांगा। इस पर न्यायालय ने राज्य सरकार से पूछा कि माफिया घोषित करने, सूची तैयार करने और उसे बनाए रखने की प्रक्रिया क्या है तथा क्या इस मामले में उसका पालन हुआ।
सेवानिवृत्ति देयकों के बकाया पर हाईकोर्ट सख्त
वहीं दूसरे मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सेवानिवृत्ति देयकों के भुगतान से जुड़े अवमानना मामले में राज्य कर्मचारी कल्याण निगम बिजनौर को आदेश का पूरी तरह पालन करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। ऐसा न होने पर प्रमुख सचिव खाद्य निगम अनिल कुमार, अधिशासी निदेशक कामता प्रसाद व वित्त एवं लेखाधिकारी शिवा त्रिपाठी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बताना होगा कि उनके विरुद्ध अवमानना की कार्यवाही क्यों न की जाए। यह आदेश न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल ने राजकुमार व चार अन्य की अवमानना याचिका पर दिया है।
सेवानिवृत्ति बाद के देयकों का भुगतान नहीं हुआ
सुनवाई के दौरान विपक्षी के हलफनामे के आधार पर दलील दी गई कि निगम आर्थिक तंगी से गुजर रहा है इसलिए याचियों के सेवानिवृत्ति और सेवानिवृत्ति बाद के देयकों का भुगतान नहीं हो सका। साथ ही कहा कि कुछ मोहलत मिलने पर शेष राशि जल्द चुका दी जाएगी। याचियों के अधिवक्ता कल्पनाथ त्रिपाठी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि निगम स्ववित्तपोषित है और सभी बकाया चुकाने में सक्षम है। कोर्ट ने कहा कि दलीलें जो भी हों, तथ्य यह है कि अब तक न्यायालय के आदेश का अक्षरशः और उसकी मूल भावना के अनुरूप पालन नहीं हुआ है। कोर्ट ने अनुपालन हलफनामा दाखिल करने का निर्देश देते हुए अवमानना याचिका को 17 दिसंबर को फिर सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है।
