चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. नायब सैनी ने कहा कि ‘जब कांग्रेस की सरकार थी, तो उस वक्त उसने कुछ काम नहीं किया. अब इसी वजह से वो संवैधानिक पीठों पर सवाल खड़े कर रही है. कांग्रेस चुनाव आयोग का भी अपमान कर रही है. कांग्रेस पार्टी की हरकतों को देश देख रहा है. अगर कांग्रेस पार्टी को लग रहा है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हुई है, तो उसके लिए चुनाव आयोग ने समय सीमा दी थी, लेकिन वो उसपर तो कुछ नहीं कह रहे. वो देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. अब तो देश के लोगों ने सोच लिया है कि ये विपक्ष के भी लायक नहीं हैं.’
राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर क्या बोले सीएम? राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को किसी भी मंच पर बहस की चुनौती दी थी. इसको लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि अमित शाह का चुके हैं कि उनसे बहस करने के लिए हमारे युवा मोर्चा का अध्यक्ष आएगा. जहां भी वो बहस करना चाहते हैं. मैं उनके लिए हरियाणा में स्थान भी दूंगा, लेकिन राहुल गांधी को झूठ बोलकर भाग जाने की जो आदत है. ऐसा उस बहस के दौरान नहीं चलेगा.’
घर के बाहर संसद लगाने पर जानें क्या कहा: सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को अगर एसआईआर को लेकर उनकी कोई शंका है, तो वो इलेक्शन कमीशन को लिखकर भी दे सकते हैं, कोर्ट भी है, लेकिन वो ना तो कोर्ट में जा रहे हैं, ना चुनाव आयोग के पास जा रहे हैं. लोगों को दिखाने के लिए उन्होंने घर के बाहर संसद लगा दिया. उसमें कांग्रेस पार्टी ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की भी बेइज़ाती करवा दी. वो लोकसभा अध्यक्ष रही हैं. वो एक प्रतिष्ठित नेता हैं, और हम भी उनका सम्मान करते हैं. इससे अच्छा तो सोनिया गांधी को सीट पर बैठा देते, लेकिन मीरा कुमार को नहीं बैठाना चाहिए था.
पंजाब के सीएम भगवंत मान पर भी साधा निशाना: राहुल गांधी के पंजाब सीएम के शराब पीने को लेकर दिए बयान पर ली चुटकी. राहुल गांधी ने संगरूर में हुई रैली के दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान के शराब पीने को लेकर एक बयान दिया था. जिसको लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि बिल्कुल उन्होंने सही बात कही है, क्योंकि राहुल गांधी और भगवंत मान एक साथ बैठते थे, इंडी गठबंधन है ना. उन्होंने कहा कि जब मैं सांसद था, तो वो मेरे पड़ोसी थे.
