भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को धामी सरकार को जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय सराहनीय है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम भी जल्द लागू होगा, जिससे महिलाओं के अधिकार और अधिक सशक्त होंगे।
शनिवार को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में ‘विकसित भारत-2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्व’ विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में वे बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। नवीन ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और वह स्वयं ज्ञान की भूमि से आते हैं। जहां चारों धाम विद्यमान हों, वहां जन्म लेना ही जीवन को सफल बना देता है।
मेक इन इंडिया बना रहा ‘सोने की चिड़िया’
नवीन ने कहा कि कभी सोने की चिड़िया कहलाने वाला भारत आज ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से पुनः विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। योग दिवस आज पूरी दुनिया में मनाया जाता है और भारत अब केवल मैनपावर नहीं, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के लिए भी पहचाना जा रहा है।
डिजिटल लेन-देन में भारत दुनिया में अग्रणी
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है और कई राज्य सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित हो रहे हैं। लखपति दीदी योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। देश में अब तक 54 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके हैं और डिजिटल लेनदेन के मामले में भारत दुनिया में अग्रणी है।
यहां के कानून अन्य राज्यों में भी लागू हो रहे
मुख्यमंत्री आवास में मुख्य सेवक सदन में हुए युवा संवाद में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काम की जमकर तारीफ की। कहा कि सीएम धामी के रूप में मजबूत युवा नेतृत्व के साथ उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। शानदार नीतियों को धरातल पर उतार उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का काम सीएम धामी ने किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार के काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उत्तराखंड में लागू किए गए यूसीसी, नकल विरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण विरोधी कानूनों समेत अन्य कानूनों को दूसरे राज्यों में भी लागू किया जा रहा है। युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में उत्तराखंड में स्किल डेवलपमेंट, पर्यटन समेत अन्य सेक्टरों में बेहतर काम हुआ है।
उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने को निरंतर प्रयास कर रही है। उत्तराखंड में लागू कड़े नकल विरोधी से प्रदेश के मेधावी, परिश्रमी युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है। सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रूप में उत्तराखंड को मिले युवा नेतृत्व के कारण आज उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
