पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंचकूला पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित हरियाणा ग्रामीण चौकीदारी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान सीएम ने ग्रामीण चौकीदारों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की।
अब चौकीदारों को हर महीने 11 हजार के बजाय 15 हजार 200 रुपये मिलेंगे। सालाना मिलने वाला वर्दी भत्ता 4 के बजाय 5 हजार होगा। लाठी, बैटरी और छाते के लिए एक हजार के बजाय डेढ़ हजार रुपये हर साल मिलेंगे। तीन साल में मिलने वाला साइकिल भत्ता भी अब 3500 से बढ़ाकर 5 हजार कर दिया गया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेशभर से पहुंचे ग्रामीण चौकीदारों के सम्मान में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सेवाओं और योगदान को सम्मान देना है।
मुख्यमंत्री प्रदेशभर से आए चौकीदारों को संबोधित किया और उनके योगदान को लेकर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण चौकीदार गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा संबंधी सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
