माधौगढ़(उरई)। यूपी में उरई के कोतवाली क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ाने की आड़ में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा का शारीरिक शोषण करते चाचा की हरकतों को उसके ही नाबालिग भतीजे ने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो को अपने दोस्तों को दिखाया और उन्हें बांट भी दिया। किसी दोस्त ने वीडियो को सोशल मीडिया पर डाला तो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई। किशोरी के चाचा ने ट्यूटर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी टीचर और वीडियो बनाने वाले भतीजे दोनों को हिरासत में ले लिया है। टीचर के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज करने के साथ ही आगे की कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 24 वर्षीय शिशुपाल सिंह पिछले तीन माह से एक घर में ट्यूशन पढ़ाने जा रहा था। इसी दौरान उसकी 17 वर्षीय छात्रा से नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि शिक्षक ने भरोसे का गलत फायदा उठाते हुए छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। दो दिन पूर्व उसका 14 वर्षीय भतीजा अचानक वहां पहुंच गया।
उसने चाचा की हरकतों का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया। बाद में उसने वीडियो अपने दोस्तों को भेज दिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब वीडियो किशोरी के परिवार तक पहुंचा तो परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीचर के खिलाफ रेप और पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
माधोगढ़ थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि मुख्य आरोपी शिशुपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके भतीजे के नाबालिग होने के कारण बाल अपचारी के रूप में निरुद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और वायरल वीडियो सोशल मीडिया में किसने डाला, इसकी भी जांच कर रही है।
