यूपी के चर्चित आईएएस रिंकू सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिंकू सिंह ने उरई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। रिंकू सिंह की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो विवाद खड़ा कर हो गया। कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग नाराजगी जता रहे हैं। हालांकि हिंदुस्तान ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में रिंकू सिंह राही को यह कहते सुना जा रहा है कि भगत सिंह कभी अच्छे बच्चे नहीं थे। रिंकू सिंह ने भगत सिंह को लेकर एक और टिप्पणी की, जो विवाद की वजह बन गई। अधिकारी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता आंदोलन और उस दौर के क्रांतिकारियों को लेकर भी कई टिप्पणियां की। देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले शहीद-ए-आजम भगत सिंह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे चर्चित क्रांतिकारियों में शामिल हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सरकारी कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व और योगदान को लेकर की गई इस कथित टिप्पणी से लोगों में आक्रोश है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई लोग इसे अनुचित और संवेदनशील बता रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वायरल बयान के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पांच दिन पहले रिंकू सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखी थी अपनी पीड़ा
पांच दिन पहले आईएएस और न्यायिक मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखकर अपनी पीड़ा जाहिर की थी। एक्स पर की गई पोस्ट में रिंकू सिंह ने लिखा, मेरी सुरक्षा का गंभीर खतरा बना हुआ है। लगातार अनुरोध करने के बाद भी शायद मेरी सुरक्षा जानबूझकर नहीं बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आगे लिखा कि अगर सुरक्षा बढ़ाए जाने की जरूरत नहीं है तो लिखकर दें। इसपर माननीय न्यायालय की शरण ली जाए। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्टों के चलते आईएएस रिंकू सिंह राही लगातार सुर्खियों में बने हैं। इसपर उनकी पोस्ट खुद की सुरक्षा पर है। उन्होंने लिखा है कि सुरक्षा बढ़ाए जाने को लेकर उपलब्ध सभी प्लेटफार्म पर लगातार अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन पता नहीं क्यों, किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
