देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
इनमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण के कार्य प्रमुख हैं। राज्य योजना के तहत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4.22 करोड़ और ज्वालापुर में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग के लिए 4.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, गदरपुर में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों पर इंटरलाकिंग टाइल लगाने के लिए 6.14 करोड़ तथा श्रीरामपुर से धीमरी ब्लाक होते हुए चकीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 5.73 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
नैनीताल जिले के कोटाबाग में राज्य मार्ग संख्या-61 के 75.200 से 81 किलोमीटर तक बीएम-एसडीबीसी से सड़क सुधारीकरण के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
देहरादून की मुख्य सड़कों के रखरखाव की निगरानी के लिए परफार्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कांट्रैक्ट (पीबीएमसी) के तहत सुपरविजन कंसल्टेंट की नियुक्ति पर 4.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें एआइ आधारित निगरानी, डिजिटल डैशबोर्ड और एप्लीकेशन विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा रायपुर की इंदिरा कालोनी पेयजल योजना के लिए 3.59 करोड़ और पिथौरागढ़ के हनुमान मंदिर कुसौड़ के सुंदरीकरण के लिए 96.01 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुंभ मेले में बम निरोधक दस्ते के लिए 1.53 करोड़ रुपये से तीन बम सूट भी खरीदे जाएंगे।
