शिमला: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार आज प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी. इसके लिए शिमला में राज्यस्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 खिलाड़ियों, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 368 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा.
प्रदेश सरकार का कहना है कि खेलों को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नई खेल नीति में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर चार साल में दूसरी बार यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को उनका हक देना है.
किसे कितनी इनामी राशि
हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि ’31 अक्टूबर को शिमला में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 51 और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 368 खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे. अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 13 करोड़ 55 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 4 करोड़ 30 लाख रुपये वितरित किए जाएंगे.’
150 से 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी
खेल मंत्री के अनुसार, प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है. नई खेल नीति के तहत पुरस्कार राशि में 150 से 300 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है. सरकार का मानना है कि इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा. खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि हाल ही में जापान में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी पूरा पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा, लगभग 50 खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने की भी बात कही गई है. उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेल कोटे के तहत खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी काम कर रही है.
खेल कोटे में तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान
हिमाचल प्रदेश में खेल कोटे के तहत तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. शिक्षा विभाग में खेल कोटे के तहत खिलाड़ियों को भर्ती भी दी गई है. गोमा ने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी के अवसर देने के संबंध में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ विस्तृत चर्चा की गई है. सरकार का प्रयास है कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलें. प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठा रही है.
प्रदेश सरकार की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाना है. इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कुल 368 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाना है. इसमें जिला बिलासपुर से 37, चंबा से 7, हमीरपुर से 24 और कांगड़ा से 28 खिलाड़ी सम्मानित होने हैं. इसके अलावा किन्नौर से 15, कुल्लू से 18, मंडी से 99, शिमला से 54, सिरमौर से 18 और सोलन से 49, जबकि ऊना से 19 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं.
