उत्तर प्रदेश के आगरा के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर सतर्कता टीम (विजिलेंस टीम) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान विजिलेंस को एआरटीओ के घर से अकूत दौलत का खजाना मिला है। इस खजाने में करीब एक करोड़ 62 लाख रुपए कैश के अलावा करीब 13 किलोग्राम सोना, नौ किलोग्राम चांदी, हीरे ओर अन्य कीमती ज्वेलरी शामिल है। बरामद किए गए सोने-चांदी और ज्वेलरी की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है। 13 करोड़ की अचल संपत्ति भी पाई गई है। बरामद आभूषणों में सोने के बिस्किट, ईंटें, चांदी की ईंटें और बिस्किट आदि मिले हैं। कुल करीब 35 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता चला है।
कार्रवाई के बारे में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान से मिली जानकारी के अनुसार ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत साल 2024 में केस दर्ज किया गया था। सरकार के आदेश पर मामले की जांच चल रही थी। कोर्ट से तलाश वारंट मिलने के बाद सात और आठ जुलाई को ललित कुमार के लखनऊ अलीगंज स्थित आवास पर छापेमारी की गई।
अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया था कैश और ज्वेलरी
विजिलेंस की तलाशी के दौरान ललित कुमार के घर में अलग-अलग स्थानों पर पैकेटों में छिपाकर रखा गया कैश और ज्वेलरी मिली। इसके अलावा कम से कम 15 प्रॉपर्टीज के दस्तावेज भी मिले। इनमें नोएडा, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में प्लॉट, फ्लैट, खेत और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। दो लग्जरी कारें भी मिली हैं। इनके अलावा पोस्ट ऑफिस, बैंक, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में भी करीब एक करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का प्रमाण मिला है। विजिलेंस ने बरामद चीजों को जांच में शामिल कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक सतर्कता ने विजिलेंस टीम को एक लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
इन अचल संपत्तियों के मिले दस्तावेज-
1. सी-143, सेक्टर-ई, अलीगंज, लखनऊ (आवासीय भवन)
2. सी-145, सेक्टर-ई, अलीगंज, लखनऊ (आवासीय भूखण्ड)
3. द्वारा नं-1321, मोहल्ला भरगवां कला, बालकगंज, सरयानी (आवासीय भूखण्ड)
4. 532/491 बरारी टोला, अलीगंज, लखनऊ (आवासीय भवन)
5. 1631, कल्ली पश्चिम, मोहनलालगंज, लखनऊ (आवासीय भूखण्ड)
6. मोहनलालगंज परगना, लखनऊ में कृषि भूमि
7. ग्राम बेहरिया मोहनलालगंज में कृषि भूमि
8. इस्माइलगंज, लखनऊ में आवासीय भूखण्ड
9. 10 टी./40 इंदिरानगर योजना लखनऊ में आवासीय भूखण्ड
10. फ्लैट संख्या-2002 अंसल एपीजीओ, लखनऊ में बुकिंग
11. माईसिटी इन्कटेक नोएडा में फ्लैट बुकिंग
12. आशियाना सिटी मीठो, नोएडा में फ्लैट बुकिंग
13. ग्राम जीतूपुरवा जनपद बाराबंकी में कृषि भूमि
14. एक अन्य-ग्राम जीतूपुरवा जनपद बाराबंकी में कृषि भूमि
15. ग्राम सहरो कोटी नूर मार्केट रायबरेली में कृषि भूमि
