देहरादून: 2027 का विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने व्यवस्थाएं को लेकर काम शुरू कर दिया है. एक ओर मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा रहा है तो वहीं, दूसरी ओर पोलिंग बूथ पर सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ ही सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग, संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी के साथ ही भारी भरकम पुलिस बल के तैनाती का खाका तैयार किया जा रहा है. यही नहीं, अन्य राज्यों से भी करीब 11,000 होमगार्ड की डिमांड की गई है.
इस बार पारदर्शिता को लेकर सबसे बड़ा फोकस पोलिंग बूथों पर तकनीकी निगरानी पर है. प्रदेश के सभी 12,543 पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कार्यवाही चल रही है. भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कैमरों की व्यवस्था भी की जाएगी. सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के जरिए मतदान केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी.
चुनाव में उपयोग होने वाले वाहनों पर भी जीपीएस ट्रैकिंग लगाई जाएगी है. जिससे ईवीएम, वीवीपैट और चुनाव सामग्री की आवाजाही पर निगरानी रहे. उत्तराखंड का भौगोलिक इलाका पहाड़ी होने के चलते, चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष महत्व दिया जाता है. दूर-दराज के गांवों, सीमांत इलाकों और कठिन पहुंच वाले बूथों तक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने पुलिस विभाग के साथ विस्तृत योजना बनाई है. जिसके तहत चुनाव के लिए अर्धसैनिक बलों की 122 कंपनियों की जरूरत होगी. इस संबंध में निर्वाचन आयोग की ओर से पुलिस विभाग को डिमांड भेज दी गई है. ये बल मतदान केंद्रों, संवेदनशील इलाकों और चुनाव सामग्री की सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे.
प्रदेश में होमगार्ड की कमी को देखते हुए उत्तराखंड ने आसपास के राज्यों से करीब 11,000 होमगार्ड मंगाने का अनुरोध किया है. पुलिस विभाग से कहा गया है कि वो समय रहते नजदीकी राज्यों से इनकी मांग सुनिश्चित करें. बाहरी राज्यों से आने वाले होमगार्ड न केवल पोलिंग बूथों पर तैनात होंगे, बल्कि मतगणना केंद्रों, गोदामों और चुनाव सामग्री के परिवहन में भी सहयोग करेंगे.
प्रदेश के कुछ इलाके ऐसे हैं जहां चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता की जरूरत होती है. बर्फबारी वाले इलाकों, सीमांत क्षेत्रों और पहले चुनावों में विवाद की आशंका वाले बूथों पर विशेष निगरानी की योजना बनाई गई है. ऐसे बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी, वीडियो निगरानी और फ्लाइंग स्क्वायड तैनात किए जा सकते हैं. निर्वाचन विभाग ने बर्फबारी वाले 352 संवेदनशील बूथों पर भी विशेष योजना बनाई है. इन बूथों तक पहुंच, मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग से तैयारी की जा रही है. चुनाव की निष्पक्षता के लिए ईवीएम और वीवीपैट की तैयारी भी जारी है. जिसके चलते सभी ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है.
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने कहा आगामी चुनाव के मद्देनजर प्रदेश तैयारियों को मुकम्मल किया जा रहा है. उत्तराखंड में कुल 12543 पोलिंग बूथ हैं. ऐसे में सभी बूथों पर मानकों के अनुरूप पुलिस बल, होमगार्ड के तैनाती की कार्ययोजना तैयार की जा रही है. विधानसभा चुनाव के लिए अर्धसैनिक बलों की 122 कंपनियों की जरूरत होगी, जिसके लिए, निर्वाचन आयोग की ओर से पुलिस विभाग को अपने डिमांड की जानकारी भेज दी गई है.
