होली पर यात्रियों को आवागमन में दिक्कत न हो इसके लिए 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे होली पर अपने घर आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं उत्कृष्ट कर्मियों को 3600 रुपये से लेकर 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। दिल्ली व गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अनुबंधित बसों के कर्मियों को अवकाश नहीं दिया जाएगा। परिवहन निगम की शत-प्रतिशत बसें यात्रियों के लिए चलाई जाएं। वाहन स्वामी समय से बसों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर बसें उपलब्ध कराएंगे।
यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, मंत्री बोले
उत्तर प्रदेश परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को निर्देश दिए कि दिल्ली व गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी में यात्रा का अधिक दबाव होता है। ऐसे में इन क्षेत्रों में बसों व कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से सुनिश्चित की जाएगी। अगर प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत अधिक यात्री लोड मिलता है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। खिड़कियों के शीशे सही हों और फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराया जाए। बस स्टेशनों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। प्रवर्तन दल लगातार चालकों व परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट करें। जिससे नशे में गाड़ी चलाने पर उन्हें पकड़ा जा सके।
विशेष प्रोत्साहन राशि मिलेगी
पर्व पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक-परिचालक (संविदा एवं आउटसोर्सिंग सहित) को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर संचाल करने पर 360 रुपये के हिसाब से 10 दिनों की ड्यूटी पूर्ण करने पर 3600 रुपये दिए जाएंगे। पूर्ण ड्यूटी व निर्धारित मानक पूरा करने पर 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये दिए जाएंगे। मानक से अधिक किलोमीटर पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने भी तैयारियों को परखा
डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में तैनात कर्मचारियों को 10 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 2100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। वहीं सर्वाधिक आय प्रति बस प्राप्त करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सेवा प्रबंधकों व 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। दूसरी ओर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने भी तैयारियों को परखा।
