मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यूपी में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सतर्कता बरती जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत आयुक्त डा. हृषिकेश भास्कर यशोद शुक्रवार को जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर निर्देश दिए कि बारिश को देखते हुए स्थानीय स्तर पर स्कूल-कॉलेज बंद रखने पर निर्णय करें। कच्चे घरों में रहने वालों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए और प्रभावित तो तुरंत राहत पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन जिलों में मौसम की स्थिति अधिक खराब है या भारी बारिश हो रही है, वहां स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए स्कूल-कालेजों तथा गैर-आवश्यक सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने के संबंध में आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। तेज आंधी व वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले स्थान, पेड़ के नीचे, बाग या पार्क में न रहे। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को विवश न हो। डीएम स्वयं भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लें तथा आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 27 सितंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। वहीं राहत आयुक्त ने लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्थानीय संचार माध्यमों एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से व्यापक रूप से लोगों को सूचनाएं दी जाएं। बचाव व राहत कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए।
