पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित कालका दौरे के मद्देनजर पंचकूला पुलिस ने शुक्रवार के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कालका के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। इस दौरान कालका मुख्य बाजार, रामबाग रोड, गांधी चौक और रेलवे रोड पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। लोगों से अनुरोध किया गया है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही इन मार्गों का उपयोग करें तथा अनावश्यक आवागमन से बचें।
हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे कालका शहर और मुख्य बाजार में प्रवेश करने के बजाय मल्लाह मोड़ से डायवर्ट होकर परवाणु बाईपास मार्ग का उपयोग करें। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम रहेगा और आवाजाही सुचारू बनी रहेगी।
पुलिस ने कालका मुख्य बाजार के दुकानदारों से भी अपील की है कि वे अपने वाहन सड़क किनारे खड़े न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने नागरिकों और वाहन चालकों से यात्रा से पहले अपने मार्ग की योजना बनाने, यथासंभव वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखा जा सकेगा।
