पंजाब विधानसभा में आज शुक्रवार (1 मई) को बुलाये गए विशेष सत्र के दौरान सीएम भगवंत मान ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। जो कि चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पास हो गया। विश्वास प्रस्ताव के लिए सरकार के पक्ष में आम आदमी पार्टी के कुल 94 विधायकों में से 88 विधायकों ने वोटिंग की। आप के 4 विधायक गैरहाजिर रहे और 2 विधायक अभी जेल में हैं। आम आदमी पार्टी ने अपने सभी विधायकों को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया था।
वहीं इस विश्वास प्रस्ताव के पेश किए जाने के दौरान कांग्रेस वॉकआउट कर गई और वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। जिस पर चुटकी लेते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस के विधायक सदन में नहीं रहे तो इसका मतलब उनकी भी इसमें सहमति थी। उनकी तरफ से क्रॉस वोटिंग हो जाती। सीएम ने सदन में यह भी कहा कि कांग्रेस विधायकों की तरफ वाली खाली पड़ी सीटों की फोटो ले ली जाए। क्योंकि 2027 के बाद सदन में ऐसी ही तस्वीर दिखनी है। ये सीटें खाली ही रहेंगी।
CM ने कहा- आजकल अफवाहों का बाजार बहुत गर्म
विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि आजकल अफवाहों का बाजार बहुत गर्म रहता है। निगेटिव खबरें बहुत तेजी से और जल्दी फैलती हैं। पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी को लेकर भी कुछ ऐसी खबरें चल रहीं थीं। जिनमें कहा जा रहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार खत्म हो जाएगी। कोई कह रहा था कि आप के इतने विधायक इधर जा रहे हैं, उतने उधर जा रहे हैं। कांग्रेस वालों ने भी कहा कि आप के 60-65 विधायक इधर-उधर संपर्क में हैं।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के अपने वाले उनके खुद के संपर्क में नहीं है और वह बौखलाहट में भ्रम फैलाते रहते हैं। क्योंकि उन्हें 2027 का चुनाव सामने दिख रहा और पंजाब के लोग उन्हें मुंह नहीं लगा रहे। सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी कभी नहीं टूट सकती है, ये लोगों के बीच से निकली पार्टी है और लोगों का इसे समर्थन है।
इससे पहले एक प्रेस वार्ता के दौरान सीएम भगवंत मान ने AAP के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में जाने के बाद विधायकों के टूटने को लेकर कहा था कि हमारे 94 विधायक हमारे साथ हैं और हमें उनपर पूरा भरोसा है। वो कहीं नहीं जा रहे। सीएम भगवंत मान ने उस वक्त यह भी कहा था कि वह विधानसभा में फ्लोर टेस्ट भी करवाने को तैयार हैं, यानि जरूरत पड़ने पर विश्वास प्रस्ताव लाएंगे।
वहीं आम आदमी पार्टी के खेमे में विधायकों की सरकार से नाराजगी या पार्टी से मोह भंग को लेकर सीएम मान ने कहा था कि अगर ऐसा होता तो हमारी सरकार में अब तक विधानसभा में कोई बिल और प्रस्ताव क्यों नहीं रुका। इससे यह तय है की सभी विधायक एकजुट हैं और पार्टी और सरकार के साथ खड़े हैं।
