उत्तर प्रदेश के वे होनहार युवा जो संसाधनों की कमी के कारण बड़े सपने देखने से कतराते थे, उनके लिए ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। यह केवल एक कोचिंग संस्थान नहीं, बल्कि प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए सफलता का एक ऐसा द्वार है, जहां बिना एक पैसा खर्च किए देश की सबसे कठिन परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल ने उन छात्रों के हाथों में कलम थमा दी है, जो काबिल तो थे लेकिन महंगी कोचिंग की फीस भरने में असमर्थ थे।
क्या है अभ्युदय कोचिंग?
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ एक निःशुल्क कोचिंग प्रोग्राम है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देना है। खास बात यह है कि यहाँ पढ़ाने वाले शिक्षक कोई और नहीं, बल्कि खुद IAS, IPS और PCS अधिकारी होते हैं, जो अपने अनुभवों से छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं।
किन परीक्षाओं की होती है तैयारी?
अभ्युदय योजना के तहत छात्रों को केवल सिविल सेवा ही नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाता है:
- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और UPPSC: आईएएस और पीसीएस बनने का सपना देखने वालों के लिए विशेष बैच।
- मेडिकल और इंजीनियरिंग (NEET & JEE): भविष्य के डॉक्टरों और इंजीनियरों के लिए बेहतरीन कोचिंग।
- रक्षा सेवाएं (NDA & CDS): सेना में अधिकारी बनने के इच्छुक युवाओं के लिए शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण।
- अन्य सेवाएं: SSC, बैंक पीओ, टीईटी (TET) और पुलिस भर्ती जैसी परीक्षाओं के लिए भी यहां मार्गदर्शन उपलब्ध है।
योजना की खास बातें
इस योजना के तहत प्रदेश के हर जिले में कोचिंग सेंटर खोले जा रहे हैं। छात्रों को न केवल ऑफलाइन कक्षाएं मिलती हैं, बल्कि जो छात्र दूर-दराज के गांवों में हैं, उनके लिए डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन क्लासेस की भी व्यवस्था है। सरकार ने इसके लिए एक ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म भी तैयार किया है, जहाँ छात्रों को बेहतरीन स्टडी मटेरियल और वीडियो लेक्चर मिलते हैं।
हाल के वर्षों में इस योजना के परिणाम चौंकाने वाले रहे हैं। सैंकड़ों छात्रों ने बिना किसी भारी-भरकम फीस के NEET, JEE और सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर इस योजना की सार्थकता सिद्ध की है। अब यह योजना ब्लॉक स्तर तक पहुंचाई जा रही है ताकि उत्तर प्रदेश का कोई भी मेधावी छात्र पीछे न छूटे।
अभ्युदय योजना में कैसे पाएं प्रवेश? (रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया)
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का हिस्सा बनने के लिए छात्रों को एक पारदर्शी चयन प्रक्रिया से गुजरना होता है। सबसे पहले इच्छुक उम्मीदवारों को योजना की आधिकारिक वेबसाइट abhyuday.up.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होता है। पंजीकरण के दौरान छात्र को अपनी पसंद की परीक्षा (जैसे UPSC या NEET) का चुनाव करना होता है। इसके बाद, विभाग द्वारा एक राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा (Selection Test) आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों और मेरिट के आधार पर ही छात्रों का चयन ऑफलाइन कक्षाओं के लिए किया जाता है। चयनित छात्रों को न केवल मुफ्त कोचिंग मिलती है, बल्कि कुछ विशेष श्रेणियों में सरकार द्वारा टैबलेट और अन्य शैक्षिक सहायता भी प्रदान की जाती है।
