रुद्रप्रयाग: रक्षा बंधन से एक दिन पूर्व गुरुवार रात्रि को केदारनाथ धाम में भतूज यानी अन्नकूट उत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाये जाने को लेकर तैयारियां शुरू हो गयी हैं. जिसको लेकर मंदिर परिसर में साफ सफाई तथा मंदिर को फूल मालाओं से सजाने का कार्य शुरू भी चल रहा है. इस अवसर पर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सभी श्रद्धालुओं को भतूज पर्व एवं रक्षाबंधन की बधाई दी है.
भतूज पर्व को लेकर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति एवं उखीमठ तथा रूद्रपुर के पंचगाई पंचपंडा हक-हकूकधारियों ने तैयारियां की हैं. इस पावन अवसर पर भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया जाएगा. नई फसल के पके हुए चावल और विभिन्न प्रकार के स्थानीय अनाज को पकाकर का शिवलिंग पर समर्पित किया जाएगा.
इस नये अन्न के भोग को पंचगाई हकहकूकधारी पकायेंगे तथा इससे शिवलिंग को ढ़का जायेगा. इसके पश्चात रात्रि 12 बजे से सुबह चार बजे तक तीर्थयात्रियों को दर्शन होंगे. भतूज अन्नकूट पर्व के दौरान मध्य रात्रि में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. इसके पश्चात भगवान शिव को चढाये गये इस अन्न को भगवान केदारनाथ के शिवलिंग से अलग कर मंदाकिनी नदी में प्रवाहित किया जायेगा. इसके साथ भतूज पर्व का समापन होगा.
केदारनाथ धाम से प्रशासनिक अधिकारी किशन त्रिवेदी ने बताया धार्मिक मान्यता है कि अन्नकूट पर्व पर नये अनाज के भोग को भगवान केदारनाथ को समर्पित करने से अन्न से सभी विषाक्त तत्व समाप्त हो जाते है. उन्होंने बताया भतूज के समापन पश्चात रक्षा बंधन के दिन श्रद्धालुओं को चावल दाल प्रसाद वितरित किया जायेगा. नौजूला मैखंडा क्षेत्र से मां महिष मर्दिनी की डोली बीते मंगलवार को केदारनाथ धाम दर्शन को दो दिन धाम प्रवास के बाद गुरूवार दर्शन पूजा-अर्चना उपरांत केदारनाथ से वापस लौट गयी.
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि रक्षाबंधन बंधन से पहले भतूज अन्नकूट पर्व को लेकर केदारनाथ धाम में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु तीर्थयात्री भगवान केदारनाथ की विशेष पूजा और अन्नकूट पर्व के लिए केदारनाथ धाम पहुंच गये हैं. भतूज प्रसाद चढानेवालों में पंचपंडा रूद्रपुर से अरविंद शुक्ला,अशोक शुक्ला, नितिन शुक्ला, हेमचंद्र शुक्ला पंचगाई हकहकूकधारी उखीमठ से अध्यक्ष राकेश तिवारी,कमल चंद्र त्रिवेदी, आशीष त्रिवेदी,धनीश तिवारी आदि हैं.
इस अवसर पर धर्माधिकारी औंकार शुक्ला, पुजारी टी गंगाधर लिंग, वेदपाठी यशोधर मैठाणी, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति केदारनाथ मंदिर प्रभारी किशन त्रिवेदी, सहायक लेखाकार प्रमोद बगवाड़ी, वेदपाठी आचार्य आशाराम नौटियाल, तोशाखाना प्रभारी उम्मेद सिंह नेगी, मनोज शुक्ला,पुष्कर रावत,हेमंत तिवारी, आनंद सूरज तिवारी महावीर तिवारी, प्रकाश शुक्ला,सूरज नेगी,भोला कुंवर मौजूद रहेंगे.
