शिमला। अभी तक शिमला में बैठकर नगर निगम चुनाव प्रचार को लेकर फीडबैक ले रहे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू मंगलवार से स्थानीय निकाय चुनाव में प्रचार करेंगे। संभावना है कि सोलन नगर निगम चुनाव प्रचार में सीएम 12 मई को शामिल होंगे। प्रदेश के चार नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर व धर्मशाला में चुनाव हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से चुनाव प्रचार के संबंध में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सभी नगर निगमों में चुनावी सभाएं करेंगे।
धर्मशाला के लिए विशेष रणनीति
माना जा रहा है कि धर्मशाला नगर निगम पर विशेष रणनीति के तहत चुनाव प्रचार होगा। प्रत्येक नगर निगम में चुनाव प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री का एक दिन रहेगा। मुख्यमंत्री ने रविवार को ओक ओवर से ही सभी नगर निगम के प्रभारी मंत्रियों से चुनावी गतिविधियों को लेकर फीडबैक लिया।
सभी मंत्रियों को सौंपी है जिम्मेदारी
नगर निगम चुनाव जीतने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश सरकार के सभी मंत्री पिछले चार-पांच दिनों से चुनाव मैदान में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वार्ड में जाकर रैलियां कर रहे हैं।
