लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक गीत ‘खाकी का सितारा’ का जारी होते ही फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने इंटरनेट मीडिया पर लिखा- ‘कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर।
बोले कि खाकी का सितारा म्यूजिक वीडियो नहीं, बल्कि यूपी पुलिस की जिम्मेदारियों और उसके कामकाज के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने का प्रयास है।
गीत में कानून-व्यवस्था से लेकर महिला सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य, जनसेवा और रोजमर्रा की पुलिसिंग तक खाकी के अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं।
गीत की शूटिंग एक-दो दिन में नहीं, बल्कि महाकुंभ-25 से स्वतंत्रता दिवस- 26 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में की गई। दरअसल, कानून-व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में है। ऐसे में ‘खाकी का सितारा’ के जरिए पुलिस ने उसी को अलग अंदाज में पेश किया है।
त्योहार, आपदा, भीड़ का दबाव या कानून-व्यवस्था की चुनौती-खाकी हर जगह मौजूद होती है। इस गीत का मूल संदेश यही है। वर्दी के पीछे के उस इंसान को दिखाने की कोशिश की गई है, जो अपने परिवार और निजी जीवन से दूर रहकर ड्यूटी करता है। बिना पहचान या अपेक्षा कर्तव्य निभाता है।
इस गीत में अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज है। पद्मश्री शंकर महादेवन का स्वर और संगीत है। ‘खाकी का सितारा’ का शुभारम्भ 14 अगस्त को लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
